बिहार

बिहार विधानसभा अध्यक्ष ने मुख्य सचिव के साथ की बैठक, लंबित मामलों के जल्द निष्पादन का दिया निर्देश

पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने मंगलवार को अपने कार्यालय कक्ष में बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत के साथ बैठक की। बैठक में विधानसभा सदस्यों एवं सचिवालय के पदाधिकारियों-कर्मचारियों की चिकित्सा प्रतिपूर्ति में आ रही समस्याओं को लेकर प्रक्रिया को जल्द से जल्द कैशलेस करने का निर्देश दिया गया।

अध्यक्ष ने प्रत्येक प्रखंड में विधानसभा सदस्यों के बैठने के लिए स्थान या भूखंड चिन्हित कर भवन निर्माण कराने अथवा पंचायत भवन में ही इसकी व्यवस्था करने का सुझाव दिया। बैठक के दौरान डॉ. प्रेम कुमार ने वर्ष 2008-09 से अब तक लोक लेखा समिति और लोक उपक्रम समिति की करीब 2,499 कंडिकाओं के लंबित रहने पर चिंता जताई। वहीं, विभिन्न विभागों से संबंधित वर्ष 1995 से 2025 तक करीब 23,517 आश्वासन भी लंबित बताए गए।

अध्यक्ष ने मुख्य सचिव को संबंधित समितियों और विभागीय अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर चालू वित्तीय वर्ष में लंबित मामलों के निष्पादन का निर्देश दिया। इसके अलावा बिहार विधानसभा के संसदीय समितियों की विभागीय बैठकों में संबंधित विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव या सचिव की अनुपस्थिति पर भी अध्यक्ष ने नाराजगी जताई। उन्होंने मुख्य सचिव को निर्देश दिया कि विशेष परिस्थिति को छोड़कर इन अधिकारियों की अनुपस्थिति में विशेष सचिव से ऊपर स्तर के अधिकारी को बैठक में शामिल होने के लिए अधिकृत किया जाए। मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने अध्यक्ष को आश्वस्त किया कि सभी विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव और सचिव के साथ बैठक कर दिए गए निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा। बैठक में बिहार विधानसभा की प्रभारी सचिव सहित विधानसभा सचिवालय के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Related posts

काजीकोरैया–राघोपुर मार्जिनल बांध पर कटाव को नियंत्रित करने के लिए युद्धस्तर पर बाढ़ संघर्षात्मक कार्य जारी : अभियंता प्रमुख से मंत्री इं. कुमार शैलेंद्र ने की वार्ता

रक्षाबंधन पर बिहार में 300 करोड़ रुपये के कारोबार की संभावना : अशोक कुमार वर्मा

कुमासपुर में मां-बेटे की संदिग्ध मौत, जहरीला पदार्थ खाने की आशंका

error: