बिहार

दिल्ली में 20 हजार छात्राओं को मिलेगी अजीम प्रेमजी स्कॉलरशिप, हर साल ₹30 हजार की सहायता

नई दिल्ली, (न्यूज़ क्राइम 24) अजीम प्रेमजी फाउंडेशन ने दिल्ली (NCT) में अजीम प्रेमजी स्कॉलरशिप शुरू करने की घोषणा की है। इसके तहत इस वर्ष दिल्ली की 20,000 तक छात्राओं को उच्च शिक्षा जारी रखने के लिए आर्थिक सहायता दी जाएगी। स्कॉलरशिप के लिए चयनित प्रत्येक छात्रा को हर साल ₹30,000 की राशि दी जाएगी। यह सहायता कॉलेज के प्रथम वर्ष से लेकर स्नातक डिग्री या डिप्लोमा पूरा होने तक जारी रहेगी। पाठ्यक्रम की अवधि के आधार पर छात्राओं को दो से पांच वर्ष तक स्कॉलरशिप मिल सकती है। इस तरह अधिकतम ₹1.50 लाख तक की आर्थिक सहायता प्राप्त की जा सकती है।

इस राशि का इस्तेमाल कॉलेज फीस और पढ़ाई से जुड़े अन्य खर्चों के लिए किया जा सकेगा। स्कॉलरशिप के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन और निःशुल्क है। आवेदन केवल अजीम प्रेमजी फाउंडेशन की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से किया जा सकता है।

21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की छात्राएं पात्र-

अजीम प्रेमजी स्कॉलरशिप की शुरुआत वर्ष 2024 में हुई थी। वर्तमान में 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की सरकारी स्कूलों से पढ़ाई पूरी करने वाली छात्राएं इसके लिए आवेदन कर सकती हैं। इनमें बिहार, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, झारखंड, मध्य प्रदेश, राजस्थान, कर्नाटक, ओडिशा समेत अन्य राज्य शामिल हैं।

स्कॉलरशिप के लिए छात्रा का संबंधित राज्य या केंद्र शासित प्रदेश के सरकारी स्कूल से कक्षा 10वीं और 12वीं उत्तीर्ण होना जरूरी है। इसके साथ ही भारत के किसी मान्यता प्राप्त संस्थान में स्नातक डिग्री या डिप्लोमा पाठ्यक्रम के पहले वर्ष में दाखिला होना अनिवार्य है।

फाउंडेशन का लक्ष्य हर वर्ष पूरे भारत में करीब 5 लाख छात्राओं को इस योजना से जोड़ना है। वर्ष 2024 में योजना शुरू होने के बाद अब तक 1.9 लाख से अधिक छात्राओं को स्कॉलरशिप मिल चुकी है। फाउंडेशन के CEO अनुराग बेहर ने कहा कि लड़कियों को उच्च शिक्षा के समान अवसर उपलब्ध कराना बेहद जरूरी है। स्कॉलरशिप का उद्देश्य उच्च शिक्षा हासिल करने में छात्राओं के सामने आने वाली आर्थिक बाधाओं को कम करना है।

Related posts

जिला में फाइलेरिया उन्मूलन अभियान को मिल रही गति

गन्ना यंत्रीकरण योजना के तहत 4,600 किसानों और 110 किसान समूहों ने किया ऑनलाइन आवेदन

परसा बाजार थाना क्षेत्र में तीन नए ओपी का उद्घाटन, डीएसपी रंजन कुमार ने किया शुभारंभ

error: