पटनासिटी(न्यूज क्राइम 24): शुक्रवार यानी कल से महापर्व चैती छठ पर्व की शुरुआत नहाय-खाय के साथ शुरू हो रहा है। अस्ताचलगामी व उदयागामी भगवान भाष्कर सूर्य को अर्घ्य देने को लेकर गंगा घाटों पर विशेष व्यवस्था की जा रही है। सफाई, सीढ़ी निर्माण, पानी में बैरिकेटिंग करने, चेंजिंग रूम निर्माण व रोशनी की मुकम्मल व्यवस्था की जा रही है। अनुमंडल क्षेत्र के तीनों अंचल के अधीन प्रमुख घाटों पर व्यवस्था निर्माण कार्य का अंतिम रूप दिया जा रहा है।
वहीं अजीमाबाद अंचल के 24 घाटों में से मात्र नौ घाटों कंटाही घाट, भद्र घाट, महावीर घाट, सीढ़ी घाट, दुल्ली घाट, आदर्श घाट, मितन घाट, खाजेकलां घाट व महाराज घाट पर अर्घ्य देने की व्यवस्था की गई है। जबकि सिटी अंचल के 26 घाटों में से 12 घाटों मिरचाई घाट, कंगन घाट, किला घाट, कच्ची घाट, गडेडिया घाट, पीरदमरिया घाट, नुरूद्दीन गंज घाट, दमरियाही घाट, अब्दुलरहमान पुर घाट, नूरपुर घाट व महावीर घाट पर अर्घ्य देने की व्यवस्था की गई है। एसडीओ मुकेश रंजन ने बताया कि अनुमंडल क्षेत्र के 21 घाटों पर अर्घ्य देने की व्यवस्था की गई है। पर्व के दौरान भीड़ को देखते हुए इन घाटों पर जिला प्रशासन की ओर से मजिस्ट्रेट व पुलिस बल की तैनाती की गई है।
