जमुई(मो० अंजुम आलम): हौसला अगर बुलंद हो तो सारी मंजिलें आसान हो जाती हैं। ऐसा ही कर दिखाया है नगर परिषद क्षेत्र बिहारी मुहल्ले की अनिशा दुबे ने। जिसने पहली बार हिंदुस्तान एडवेंचर फाउंडेशन की ओर से मोनाली पतालसू पीक के 13944 फिट की ऊंचाई पर चढ़ कर तिरंगा फहराया है और जिले का नाम रौशन किया है। बता दें कि अनिशा बिहारी मुहल्ला निवासी शशिकांत दुबे की पुत्री है। वे केकेएम कालेज में बीए पार्ट वन में पढ़ाई भी कर रही है।अनिशा दुबे बताती है कि उसे पढ़ाई के साथ-साथ इस क्षेत्र में जाने की प्रेरणा बरहट प्रखंड के टेंगहरा गांव की निशु सिंह से मिली है और उसी के दिशा- निर्देश पर वो भी जमुई का नाम रौशन करने की सपना दिल में संजोए आगे बढ़ रही है। उसे पतालसू पीक पर 13944 फिट का सफर तय करने के लिए 4 दिनों का समय दिया गया था लेकिन उसने पीक की ऊंचाई को महज दो दिनों में ही फतह कर ली। जिससे उसे काफी खुशी है। हालांकि अनिशा परिवार की एकलौती पुत्री होने की वजह से इस क्षेत्र में जाने के लिए उसे काफी परेशानीयों का सामना करना पड़ा लेकिन फिर माता-पिता का भी साथ मिला और पहली बार में ही उसे अपने लक्ष्य को हासिल कर ली। गौरतलब हो कि हिंदुस्तान एडवेंचर फाउंडेशन के नेशनल प्रेजिडेंट विपिन सैनी और नूर मुहम्मद के द्वारा मनाली के पतालसू पीक पर तिरंगा फहराने के लिए 7 लोगों का चयन बिहार राज्य से किया गया था। जिसमें जमुई से अनिशा दुबे और निशु सिंह का चयन किया गया था बाकी लोग नालंदा और मुजफ्फरपुर जिले के थे।
