फुलवारीशरीफ, अजीत। वंचित समाज के बच्चों को आधुनिक विज्ञान और अंतरिक्ष की दुनिया से जोड़ने के लिए मसौढ़ी विधायक अरुण मांझी ने अनूठी पहल की है. संपतचक प्रखंड के भोगीपुर-चकपुल (एकतापुरम) स्थित मिशन नौनिहाल सम्मान निःशुल्क ट्यूशन केंद्र में पढ़ने वाले बच्चों को अब टेलीस्कोप के माध्यम से ग्रहों, तारों और चंद्रमा का प्रत्यक्ष अवलोकन कराने की योजना बनायी गयी है. इसके लिए विधायक ने पटना के जिलाधिकारी को पत्र लिखकर आवश्यक अनुमति, कानूनी प्रावधान और प्रशासनिक प्रक्रिया के संबंध में मार्गदर्शन मांगा है।
माता सावित्रीबाई फुले के विचारों से प्रेरित इस शिक्षण केंद्र का संचालन दलित, महादलित, पिछड़े और अतिपिछड़े समाज के बच्चों के शैक्षणिक विकास के उद्देश्य से किया जा रहा है. केंद्र में पढ़ने वाले सभी बच्चे इन्हीं सामाजिक वर्गों से आते हैं. योजना के तहत उच्च तकनीक वाली दूरबीन उपलब्ध कराकर बच्चों को ग्रहों, तारों, चंद्रमा और तारामंडल की जानकारी प्रत्यक्ष रूप से देने की तैयारी है. इससे बच्चों में विज्ञान के प्रति रुचि और जिज्ञासा बढ़ाने के साथ उन्हें किताबी ज्ञान से आगे व्यावहारिक शिक्षा से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
मिशन नौनिहाल सम्मान के संस्थापक-संरक्षक एवं वयोवृद्ध समाजसेवी सुखदेव सिंह के आग्रह पर विधायक अरुण मांझी ने जिलाधिकारी को पत्र लिखा है. विधायक का उद्देश्य है कि सभी आवश्यक नियमों और प्रशासनिक प्रक्रियाओं का पालन करते हुए इस शैक्षणिक पहल को धरातल पर उतारा जाए। इस पहल को वंचित वर्गों के बच्चों के लिए विज्ञान और तकनीकी शिक्षा के नये अवसर खोलने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. मिशन का मानना है कि प्रतिभा किसी जाति या आर्थिक परिस्थिति की मोहताज नहीं होती. उचित अवसर और संसाधन मिलने पर इन्हीं बच्चों में से भविष्य के वैज्ञानिक, खगोलविद और नवाचारकर्ता निकल सकते हैं।
