बिहार

मिल्लत कॉलेज, दरभंगा में ‘नशा मुक्त युवा अभियान’ के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

20261129 174351

दरभंगा, आशीष रंजन : मिल्लत कॉलेज, दरभंगा की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा दिनांक 29 नवंबर 2026 को भारत सरकार के ‘नशा मुक्त युवा अभियान’ के अंतर्गत युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से विभिन्न जागरूकता एवं शारीरिक स्वास्थ्य संबंधी कार्यक्रमों का आयोजन प्रधानाचार्य डॉ. राजीव कुमार के संरक्षण में किया गया। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त समाज ही विद्यार्थियों के लिए आदर्श समाज हो सकता है। कार्यक्रम के अंतर्गत ‘संडे ऑन साइकिलिंग राइड’, ‘नशा मुक्ति संकल्प’, ‘नशा मुक्ति रैली’ तथा ‘नुक्कड़ नाटक’ जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं। साइकिल रैली के माध्यम से विद्यार्थियों एवं युवाओं को नियमित व्यायाम, शारीरिक फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं स्वयंसेवकों ने नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी नशामुक्त रहने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। योग एवं श्लोगन के माध्यम से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के महत्व को बताया गया। वहीं नुक्कड़ नाटक के जरिए नशे की लत से होने वाले सामाजिक, शारीरिक, मानसिक एवं पारिवारिक दुष्परिणामों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं में नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाना, सकारात्मक जीवनशैली को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम का संचालन एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. कीर्ति चौरसिया ने किया। उन्होंने कहा कि नशा मुक्ति अभियान के द्वारा ही समाज को उन्नति के लिए प्रेरित किया जा सकता है। कॉलेज के बर्सर डॉ. जमशेद आलम ने कहा कि समाज में व्याप्त विभिन्न प्रकार के नशे के कारण कई परिवारों की स्थिति खराब हुई है। विद्यार्थियों में सामाजिक अराजकता के बीज पनपने लगे हैं। इसलिए नशा मुक्ति अभियान स्वस्थ समाज के लिए बहुत जरूरी है। हिंदी विभाग के वरीय सहायक प्राध्यापक डॉ. मुन्ना साह ने कहा कि भारत सरकार के इस अभियान से समाज में जनजागृति एवं नशे के प्रति समझ विकसित होगी तथा नशा मुक्त विकसित समाज बनेगा।

उर्दू विभाग के वरीय सहायक प्राध्यापक डॉ. मो. शाहनवाज आलम ने कहा कि कोई भी नशा मानसिक स्थिति को पंगु बना देता है और व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी को समझ नहीं पाता। वह मानसिक विक्षिप्तता की स्थिति में चला जाता है। इसलिए यह कार्यक्रम समाज के लिए उपयोगी सिद्ध होगा। पर्सियन विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. अब्दुस सलाम जिलानी ने कहा कि नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत नुक्कड़ नाटक ने समाज के अनेक पहलू को जीवंत रूप से चित्रित किया। इससे आम लोग जुड़ सके और नशा मुक्ति का संकल्प लिया। एनएसएस स्वयंसेवकों में अफजली सहरीन, सबाहत प्रवीन, शिवानी कुमारी, शरफुद्दीन, मो. सुल्तान, नूरजबीन एवं एनसीसी सहायक श्री चंदू कुमार पंडित ने इस कार्यक्रम में सहभागिता निभाई। कॉलेज के शिक्षकों डॉ. विजय शंकर, डॉ. सुभाष कुमार डॉ. जावेद अख्तर एवं शिक्षकेत्तर कर्मी मो. शमीम, मो. आलम एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का समापन नशामुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने के संकल्प के साथ हुआ।

Related posts

पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कोमल मीणा ने भदौर थाना का किया निरीक्षण, जनता दरबार में सुनीं लोगों की समस्याएं

शराब पीकर हंगामा करने के आरोप में 11 लोग गिरफ्तार, भेजे गए जेल!

पटना डेयरी प्रोजेक्ट पहुंचे डेयरी मंत्री, सुधा के उत्पादों की गुणवत्ता देख की सराहना