फुलवारीशरीफ, अजीत। आधुनिक चिकित्सा में कम चीरा लगाकर गंभीर बीमारियों का इलाज करने वाली इंटरवेंशनल रेडियोलॉजी की तकनीकों से युवा डॉक्टरों को अवगत कराने के उद्देश्य से एम्स पटना में शनिवार को दो दिवसीय राष्ट्रीय सतत चिकित्सा शिक्षा कार्यक्रम ‘डॉ. राजेंद्र राव सीएमई 2026’ का शुभारंभ हुआ. इसमें देश के विभिन्न चिकित्सा संस्थानों से 120 से अधिक डॉक्टर और मेडिकल के पीजी छात्र भाग ले रहे है।
कार्यक्रम का आयोजन इंडियन कॉलेज ऑफ रेडियोलॉजी एंड इमेजिंग की ओर से किया जा रहा है. इंडियन रेडियोलॉजिकल एंड इमेजिंग एसोसिएशन ने इसके लिए वित्तीय सहयोग दिया है. आईआरआईए बिहार स्टेट चैप्टर ने एम्स पटना के रेडियोडायग्नोसिस विभाग के सहयोग से कार्यक्रम की मेजबानी की है।
कार्यक्रम में देश के कई प्रतिष्ठित रेडियोलॉजी विशेषज्ञ शामिल हुए. इनमें आईआरआईए के उपाध्यक्ष डॉ. एम. वी. के. राव, आईसीआरआई के उपाध्यक्ष डॉ. रमेश चंदर, आईएसवीआईआर के अध्यक्ष एवं नई दिल्ली स्थित आईएलबीएस के डॉ. अमर मुकुंद, एम्स नई दिल्ली के डॉ. संजीव कुमार और तिरुचिरापल्ली के करु फेटल इंस्टीट्यूट के डॉ. कार्तिक सेंथिलवेल प्रमुख हैं।
एम्स पटना के कार्यकारी निदेशक एवं सम्मेलन के मुख्य संरक्षक प्रो. (ब्रिगेडियर) डॉ. राजू अग्रवाल ने रिकॉर्ड किए गए संदेश के माध्यम से प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि ऐसे शैक्षणिक कार्यक्रम डॉक्टरों के ज्ञान और चिकित्सकीय कौशल को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
एम्स पटना के रेडियोडायग्नोसिस विभाग के अध्यक्ष एवं सम्मेलन के आयोजन सचिव डॉ. राजीव नयन प्रियदर्शी ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवा रेडियोलॉजिस्ट, खासकर पीजी छात्रों को इंटरवेंशनल रेडियोलॉजी की बुनियादी जानकारी देना और आधुनिक चिकित्सा तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है. इससे युवा डॉक्टर मरीजों के इलाज में नई तकनीकों का बेहतर उपयोग कर सकेंगे।
दो दिवसीय कार्यक्रम में विशेषज्ञों के व्याख्यान, शोध पत्रों की प्रस्तुति, मरीजों से जुड़े मामलों पर चर्चा और व्यावहारिक प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जा रहे हैं. प्रशिक्षण के दौरान रक्त वाहिकाओं में जमे खून के थक्कों को निकालने, पैरों की फूल चुकी नसों का इलाज करने तथा इमेज गाइडेड बायोप्सी और ड्रेनेज जैसी आधुनिक प्रक्रियाओं की जानकारी दी जा रही है।
इंटरवेंशनल रेडियोलॉजी में आधुनिक इमेजिंग मशीनों की मदद से शरीर के भीतर मौजूद बीमारियों का उपचार किया जाता है. इसमें बड़ी सर्जरी की आवश्यकता कम होती है और छोटे चीरे के माध्यम से इलाज संभव हो पाता है. इससे मरीजों को कम दर्द, तेजी से स्वस्थ होने और अस्पताल में कम समय बिताने का लाभ मिल सकता है।
विशेषज्ञों ने बताया कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम युवा डॉक्टरों को आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों से जोड़ने के साथ मरीजों को बेहतर और प्रभावी उपचार उपलब्ध कराने में सहायक होंगे. कार्यक्रम का समापन रविवार, 29 नवंबर को रेजिडेंट डॉक्टरों के लिए आयोजित क्विज प्रतियोगिता और पुरस्कार वितरण समारोह के साथ होगा।
