फुलवारीशरीफ, अजीत। ठंड का असर बढ़ने लगा है. ऐसे में लोगों को ठंड से बचाव और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सर्वमंगला सांस्कृतिक मंच की ओर से वाल्मी, फुलवारी शरीफ में नाटक ‘ठंड से बचें’ का मंचन किया गया. महेश चौधरी द्वारा लिखित इस नाटक का निर्देशन मिथिलेश कुमार पांडे ने किया. कलाकारों ने नाटक के माध्यम से ठंड के मौसम में बरती जाने वाली सावधानियों और बचाव के उपायों को रोचक ढंग से प्रस्तुत किया।
नाटक में बताया गया कि ठंड का प्रभाव बढ़ने पर खासकर बुजुर्गों, बच्चों और बीपी व शुगर के मरीजों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है. ऐसे लोगों को पर्याप्त गर्म कपड़े पहनकर ही घर से बाहर निकलना चाहिए. सिर, चेहरा, हाथ और पैर को गर्म कपड़ों से ढककर रखना चाहिए, ताकि शरीर की गर्मी बनी रहे और ठंड का असर कम हो।
कलाकारों ने लोगों को पौष्टिक आहार और गर्म पेय पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी. नाटक के जरिए स्नान करते समय भी सावधानी बरतने का संदेश दिया गया. बताया गया कि ठंड के मौसम में स्नान के दौरान अचानक सिर पर ठंडा पानी डालने से बचना चाहिए. गुनगुने पानी से स्नान करना बेहतर है. स्नान करते समय पहले पैरों पर पानी डालें और धीरे-धीरे शरीर को पानी के तापमान के अनुकूल बनाएं। नाटक में पशुओं को भी ठंड से बचाने की जरूरत पर जोर दिया गया. कलाकारों ने बताया कि पशुओं के लिए सुरक्षित और गर्म स्थान की व्यवस्था करनी चाहिए, ताकि ठंड के कारण उन्हें परेशानी न हो। नाटक में महेश चौधरी, मिथिलेश कुमार पांडे, सौरभ, अमन, करण, अंजनी कुमार वर्मा, रंजन, देव कुमार, गौरी शंकर भगत और प्रतीक ने अभिनय किया. कलाकारों ने अपने अभिनय के माध्यम से लोगों को ठंड से बचाव के प्रति जागरूक किया।
