उत्तरप्रदेश

कपड़े के गोदाम में अज्ञात कारणों से भीषण आग लग

मुरादाबाद, अवनीत कुमार शर्मा : थाना डिलारी क्षेत्र के गांव गक्कखरपुर में शनिवार दोपहर एक कपड़े के गोदाम में अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में गोदाम में रखा लाखों रुपये का कपड़ा जलकर राख हो गया, जबकि अंदर खड़ी पांच मोटरसाइकिलें भी आग की भेंट चढ़ गईं। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार, थाना डिलारी क्षेत्र के गांव गक्कखरपुर निवासी अकरम पुत्र शौकत अली का कपड़े का गोदाम है। शनिवार दोपहर करीब एक बजे अचानक गोदाम से धुआं उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं। धुआं और आग देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और थाना डिलारी पुलिस तथा अग्निशमन विभाग को सूचना दी।

सूचना मिलते ही डिलारी पुलिस मौके पर पहुंच गई और ग्रामीणों के साथ मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया। वहीं, आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग की चार से पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक गोदाम में रखा पूरा कपड़ा जलकर राख हो चुका था और वहां खड़ी पांच मोटरसाइकिलें भी पूरी तरह आग की चपेट में आ गईं।

गोदाम स्वामी अकरम ने बताया कि वह आसपास के क्षेत्रों से पुराने व नये कपड़े की फेरी कराते हैं। लोगों के घरों से पुराने कपड़े खरीदकर गोदाम में एकत्र करते हैं और बाद में उन्हें थोड़ा-थोड़ा करके बेचते हैं। अकरम वर्तमान में काशीपुर में रहकर कपड़ों का कारोबार करते हैं। शनिवार दोपहर पड़ोसियों ने फोन कर उन्हें गोदाम में भीषण आग लगने की सूचना दी। यह खबर सुनकर उनके होश उड़ गए। गोदाम स्वामी ने आग की घटना में करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई है।

बताया जा रहा है कि गोदाम रिहायशी इलाके में स्थित है। ऐसे में आग यदि आसपास के मकानों तक पहुंच जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। आग की लपटों और धुएं से आसपास रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल बना रहा। दमकल विभाग की तत्परता से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया और एक बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन गोदाम स्वामी को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।

Related posts

घर में अकेला पाकर महिला से दुष्कर्म का आरोप

भीषण सड़क हादसा रोडवेज बस गन्ने से भरे ट्राले से टकराई, चार लोगों की मौत!

दलपतपुर में घर-घर कूड़ा कलेक्शन को लेकर बैठक, शुल्क निर्धारित