बिहार

पटना सहित छह जिलों में औषधि नियंत्रण विभाग की सघन जांच एवं छापेमारी, 14 दवा प्रतिष्ठानों एवं गोदामों में कार्रवाई

पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) राज्य में गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा दवाओं के अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग के औषधि नियंत्रण विभाग द्वारा सघन निरीक्षण एवं छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत 26 एवं 27 नवंबर को पटना, भागलपुर, मधुबनी, गयाजी, मुजफ्फरपुर एवं समस्तीपुर जिले के कुल 14 दवा प्रतिष्ठानों एवं गोदामों में निरीक्षण एवं छापेमारी की कार्रवाई की गई।

अभियान के तहत पटना के गोविंद मित्रा रोड स्थित पांच दवा प्रतिष्ठानों में सघन जांच की गई। इस दौरान सभी पांच प्रतिष्ठानों में औषधियों की खरीद, बिक्री एवं भंडारण से संबंधित विभिन्न अनियमितताएं पाई गईं। निरीक्षण टीम द्वारा 68 औषधियों की बिक्री एवं निपटान पर रोक लगाई गई तथा गुणवत्ता परीक्षण के लिए 11 औषधियों के नमूने लिए गए।

पटना में आर.आर.बी. ड्रग एजेंसी की तीन औषधियों के निपटान पर रोक

गोविंद मित्रा रोड स्थित आर.आर.बी. ड्रग एजेंसी में निरीक्षण के दौरान तीन प्रकार की औषधियों के खरीद बिल प्रस्तुत नहीं किए जाने पर प्रपत्र-15 जारी कर उनके निपटान पर रोक लगाई गई। बिक्री अभिलेखों एवं दवाओं के स्टॉक में अनियमितताएं पाई गईं। एक्सपायरी औषधियों का भंडारण नियमानुसार नहीं पाया गया तथा एक्सपायरी रजिस्टर भी उपलब्ध नहीं था। गुणवत्ता परीक्षण के लिए तीन औषधियों के नमूने लिए गए।

राजधानी मेडिको एवं वैशाली इंटरप्राइजेज में मिलीं अनियमितताएं

पटना के गोविंद मित्रा रोड स्थित उदय पैलेस के राजधानी मेडिको में निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान के बाहर साइन बोर्ड नहीं पाया गया। दो औषधियों के खरीद अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए जाने पर प्रपत्र-15 जारी करते हुए उनकी बिक्री पर रोक लगाई गई। बिक्री से संबंधित अभिलेख भी प्रस्तुत नहीं किए गए। गुणवत्ता परीक्षण के लिए दो औषधियों के नमूने लिए गए।

इसी प्रकार, बेनी माधव लेन स्थित वैशाली इंटरप्राइजेज में 15 प्रकार की औषधियों के खरीद बिल प्रस्तुत नहीं किए जाने पर उनकी बिक्री पर रोक लगाई गई। खरीद बिल क्रमवार व्यवस्थित नहीं पाए गए तथा 15 औषधियों के बिक्री अभिलेख भी प्रस्तुत नहीं किए गए। एक्सपायरी रजिस्टर भी उपलब्ध नहीं था। गुणवत्ता परीक्षण के लिए दो औषधियों के नमूने लिए गए।

न्यू प्रभात फार्मा एवं न्यू मां भवानी फार्मा की 48 औषधियों की बिक्री पर रोक

गोविंद मित्रा रोड स्थित उदय पैलेस के न्यू प्रभात फार्मा में निरीक्षण के दौरान 23 औषधियों के खरीद बिल प्रस्तुत नहीं किए जाने पर प्रपत्र-15 जारी करते हुए उनकी बिक्री पर रोक लगाई गई। बिक्री से संबंधित अभिलेख भी प्रस्तुत नहीं किए गए। गुणवत्ता परीक्षण के लिए दो औषधियों के नमूने लिए गए।

वहीं, न्यू मां भवानी फार्मा में 25 प्रकार की औषधियों के खरीद बिल उपलब्ध नहीं कराने पर प्रपत्र-15 जारी कर उनकी बिक्री पर रोक लगाई गई। इसके अतिरिक्त दो प्रकार की गैर-अनुमोदित औषधियों की बिक्री एवं वितरण पर भी रोक लगाई गई। इस प्रकार प्रतिष्ठान की कुल 25 औषधियों की बिक्री पर रोक लगाई गई। गुणवत्ता परीक्षण के लिए दो औषधियों के नमूने लिए गए।

भागलपुर में बिना अनुज्ञप्ति संचालित प्रतिष्ठान से 77 प्रकार की औषधियां जब्त

भागलपुर के नाथनगर स्थित मारवाड़ी पट्टी, ललमटिया के शंकर मेडिकल हॉल में छापेमारी के दौरान प्रतिष्ठान बिना वैध अनुज्ञप्ति के संचालित पाया गया। कार्रवाई के तहत लगभग 11,000 रुपये मूल्य की कुल 77 प्रकार की औषधियां जब्त की गईं। प्रतिष्ठान के रैक पर एक्सपायरी औषधियां एवं छह प्रकार की होम्योपैथिक औषधियां भी रखी पाई गईं। पर्याप्त मात्रा में औषधियां उपलब्ध नहीं होने के कारण गुणवत्ता परीक्षण के लिए नमूने नहीं लिए जा सके। प्रतिष्ठान के संचालक के विरुद्ध नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, भागलपुर के एम.पी.डी. रोड स्थित अनिल मेडिकल एजेंसी में छापेमारी की कार्रवाई जारी है।

मधुबनी में एक्सपायरी इंजेक्शन जब्त, छह औषधियों की बिक्री पर रोक

मधुबनी के अंधराठाढ़ी स्थित ननौर चौक के हिन्दुस्तान मेडिकल हॉल में निरीक्षण के दौरान छह प्रकार की औषधियों के खरीद अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए जाने पर प्रपत्र-15 जारी करते हुए उनकी बिक्री एवं निपटान पर रोक लगाई गई। एक्सपायरी बेट 0.5 एमएल इंजेक्शन की 72 यूनिट प्रपत्र-16 के तहत जब्त की गईं, जिनका कुल मूल्य 964.80 रुपये है। खरीद एवं बिक्री अभिलेखों में भी अनियमितताएं पाई गईं। प्रतिष्ठान से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा।

गयाजी में चार स्थानों पर छापेमारी, 35 औषधियों की बिक्री पर रोक

गयाजी स्थित गौरव फार्मा में छापेमारी के दौरान पूर्व में समर्पित की जा चुकी अनुज्ञप्ति के आधार पर दवाओं का कारोबार संचालित पाया गया। चार औषधियों के खरीद बिल प्रस्तुत नहीं किए जाने पर प्रपत्र-15 जारी करते हुए उनकी बिक्री पर रोक लगाई गई। गुणवत्ता परीक्षण के लिए छह औषधियों के नमूने लिए गए।

निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में रेफ्रिजरेटर एवं साइन बोर्ड नहीं पाया गया। बिक्री अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए गए तथा एक्सपायरी औषधियों के भंडारण के लिए अलग स्थान की व्यवस्था भी नहीं थी। औषधियों के भंडारण में निर्धारित नियमों का पालन नहीं पाया गया।

इसके अतिरिक्त गयाजी के एफ.बी.एस. रोड स्थित मां जगदम्बा एजेंसी, मुरारपुर स्थित मां जगदम्बा एजेंसी के गोदाम एवं टेकारी रोड स्थित जगदम्बा एजेंसी में औषधि निरीक्षण टीम द्वारा छापेमारी की गई। इस दौरान एक्सपायरी औषधियां जब्त की गईं तथा 31 औषधियों की बिक्री पर प्रपत्र-15 जारी करते हुए रोक लगाई गई। गुणवत्ता परीक्षण एवं विश्लेषण के लिए प्रपत्र-17 एवं 17A के तहत पांच औषधियों के नमूने लिए गए।
इस प्रकार गयाजी में चार स्थानों पर हुई कार्रवाई के दौरान कुल 35 औषधियों की बिक्री पर रोक लगाई गई तथा गुणवत्ता परीक्षण के लिए 11 औषधियों के नमूने लिए गए।

मुजफ्फरपुर में शाकंभरी ड्रग्स से मांगा जाएगा स्पष्टीकरण

मुजफ्फरपुर के सरैयागंज स्थित धोबिया गली के शाकंभरी ड्रग्स में निरीक्षण के दौरान एक्सपायरी औषधियों के भंडारण के लिए अलग स्थान एवं संबंधित रजिस्टर उपलब्ध नहीं पाया गया। खरीद बिल क्रमवार व्यवस्थित नहीं थे तथा संबंधित औषधियों के बिक्री अभिलेख भी प्रस्तुत नहीं किए गए। औषधि नियमावली के उल्लंघन के संबंध में प्रतिष्ठान को 24 घंटे के अंदर स्पष्टीकरण नोटिस जारी किया जाएगा। वहीं, समस्तीपुर के मूलचंद रोड स्थित भगवती फार्मा में छापेमारी की कार्रवाई जारी है।

109 औषधियों की बिक्री एवं निपटान पर रोक, गुणवत्ता परीक्षण के लिए 22 नमूने लिए गए

26 एवं 27 नवंबर को कुल 109 औषधियों की बिक्री एवं निपटान पर रोक लगाई गई है। पटना एवं गयाजी से गुणवत्ता परीक्षण के लिए कुल 22 औषधियों के नमूने लिए गए हैं। वहीं, भागलपुर एवं मधुबनी के दो प्रतिष्ठानों से लगभग 11,965 रुपये मूल्य की औषधियां जब्त की गई हैं। गयाजी में भी एक्सपायरी औषधियों की जब्ती की गई है, जिनका मूल्य प्राप्त होना शेष है।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा औषधियों की खरीद, भंडारण, वितरण एवं बिक्री की नियमित निगरानी की जा रही है। निरीक्षण में पाई गई अनियमितताओं के आधार पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। आम नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराने तथा अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने के लिए औषधि नियंत्रण विभाग का निरीक्षण एवं छापेमारी अभियान निरंतर जारी रहेगा।

Related posts

मासूम की मौत के बाद हिंसक बवाल, पुलिस पर पथराव; तीन वाहन फूंके

महात्मा ज्योतिबा फुले के आदर्शों को आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि : दीपक प्रकाश

गुणवत्तापूर्ण बीज से बढ़ेगा गन्ने का रकबा, 40 बीज उत्पादक हर साल तैयार करेंगे करीब दो करोड़ पौधे