बिहार

नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रशासन सख्त, सीमावर्ती इलाकों में बढ़ेगी निगरानी

अररिया, रंजीत ठाकुर। जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार और तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। इस दिशा में कार्रवाई तेज करने और तस्करी के नेटवर्क को ध्वस्त करने के उद्देश्य से बुधवार को समाहरणालय में जिला पदाधिकारी विनोद दूहन की अध्यक्षता में नारकोटिक्स कोऑर्डिनेशन सेंटर (एनकॉर्ड) की जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में जिले में मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कार्रवाई, सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी व्यवस्था और जनजागरूकता अभियान की विस्तृत समीक्षा की गई। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए सभी एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ सघन अभियान चलाएं।

जिला पदाधिकारी ने जिला औषधि निरीक्षक को एसएसबी, पुलिस और मद्यनिषेध विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर दवा दुकानों एवं औषधि केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने का निर्देश दिया। वहीं, एसएसबी की 52वीं वाहिनी अररिया और 56वीं वाहिनी बथनाहा को पुलिस के साथ संयुक्त रूप से अभियान चलाकर मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों की गिरफ्तारी एवं जब्ती की कार्रवाई तेज करने को कहा गया। उन्होंने विशेष रूप से तस्करी के मुख्य सरगनाओं और उनके नेटवर्क की पहचान कर उनके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

डीएम ने पुलिस, मद्यनिषेध विभाग, आईबी और एसएसबी समेत सभी संबंधित एजेंसियों को आसूचना तंत्र मजबूत करने तथा भारत-नेपाल सीमा से सटे इलाकों में लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया। खासकर रात्रि के समय सीमावर्ती क्षेत्रों से गुजरने वाले वाहनों की सघन जांच करने को कहा गया, ताकि तस्करी की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

बैठक में पुलिस विभाग को मादक पदार्थों से जुड़े मामलों में गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध समयबद्ध अनुसंधान पूरा कर न्यायालय में अंतिम आरोप पत्र दाखिल करने का निर्देश भी दिया गया, जिससे ऐसे मामलों में त्वरित न्यायिक कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।

इसके अलावा पंचायत स्तर पर नशे के दुष्परिणामों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए व्यापक अभियान चलाने पर भी बल दिया गया। डीएम ने पंचायती राज पदाधिकारी और जिला जनसंपर्क पदाधिकारी को पंचायत प्रतिनिधियों के माध्यम से गांव-गांव में जागरूकता अभियान संचालित करने तथा सभी संबंधित विभागों को इसमें सक्रिय भागीदारी निभाने का निर्देश दिया। बैठक में अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन, अररिया एवं फारबिसगंज के अनुमंडल पदाधिकारी, एसएसबी की 52वीं एवं 56वीं वाहिनी के समादेष्टा, दोनों अनुमंडलों के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला आईबी पदाधिकारी, जिला औषधि निरीक्षक तथा विशेष शाखा पुलिस पदाधिकारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Related posts

मधुरेंद्र ने उकेरी नीतीश कुमार की 10 फीट ऊंची विशाल प्रतिमा, रेत पर लिखा ‘बिहार का सर्वांगीण विकास’

2 दिसंबर को धूमधाम से मनाया जाएगा श्री मंगशीर वदी नवमी महोत्सव 2026, दादी मंदिर में होगा भव्य आयोजन

तख्त श्री पटना साहिब में ‘लंगर ऑन व्हील्स’ की शुरुआत, जरूरतमंदों तक पहुंचेगा गुरु का लंगर