बिहार सरकार और संगत के सहयोग से 350वें प्रकाश पर्व की तर्ज पर होगा भव्य आयोजन, 13 से 15 जनवरी तक पटना साहिब में सजेगा आस्था का महाकुंभ
तख्त श्री पटना साहिब प्रबंधक कमेटी ने तेज किया निमंत्रण अभियान, संत-महापुरुषों और लंगर सेवा संप्रदायों को दिया जा रहा विशेष आमंत्रण
पटना दशम पातशाह साहिब श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज के 360वें प्रकाश पर्व को ऐतिहासिक और यादगार बनाने के लिए तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब की प्रबंधक कमेटी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बिहार सरकार और देश-विदेश की संगत के सहयोग से आगामी 13, 14 और 15 जनवरी को प्रकाश पर्व अत्यंत श्रद्धा, उत्साह और भव्यता के साथ मनाया जाएगा। आयोजन को श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के 350वें प्रकाश पर्व की तर्ज पर विशाल स्वरूप देने की योजना बनाई गई है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए तख्त श्री पटना साहिब के मीडिया प्रभारी सरदार सुदीप सिंह ने बताया कि प्रकाश पर्व के अवसर पर देश-विदेश से अनेक प्रतिष्ठित धार्मिक हस्तियों, संत-महापुरुषों, पंथक जत्थेबंदियों के प्रतिनिधियों और गणमान्य व्यक्तियों के पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए धार्मिक समागमों, लंगर सेवा और अन्य व्यवस्थाओं को व्यापक स्तर पर सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
सरदार सुदीप सिंह ने बताया कि प्रबंधक कमेटी के प्रधान सरदार जगजोत सिंह सोही स्वयं विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर संत-महापुरुषों और लंगर सेवा से जुड़े संप्रदायों के प्रमुखों को प्रकाश पर्व में शामिल होने के लिए निमंत्रण दे रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने संत समाज की प्रमुख हस्तियों से मुलाकात कर उन्हें सादर आमंत्रित किया। इस अवसर पर उनके साथ सरदार सुमीत सिंह कलसी, सरदार जसबीर सिंह धाम तथा तख्त साहिब के मैनेजर सरदार पपिंदर सिंह भी उपस्थित रहे।
उन्होंने बताया कि प्रबंधक कमेटी के महासचिव सरदार इंद्रजीत सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सरदार लखविंदर सिंह तथा उपाध्यक्ष सरदार गुरविंदर सिंह भी देश के विभिन्न हिस्सों में जाकर संत समाज, धार्मिक संस्थाओं और गणमान्य व्यक्तियों को निमंत्रण दे रहे हैं, ताकि इस ऐतिहासिक आयोजन में अधिक से अधिक संगत की भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।
कंगन घाट और गुरु का बाग सहित तीन स्थानों पर होगी विशेष लंगर सेवा
सरदार सुदीप सिंह ने बताया कि प्रधान सरदार जगजोत सिंह सोही ने कार सेवा भूरी संप्रदाय के बाबा कश्मीरा सिंह जी और बाबा सुखविंदर सिंह जी को विशेष निमंत्रण पत्र भेंट किया है। इस संप्रदाय की ओर से कंगन घाट, गुरु का बाग सहित तीन स्थानों पर विशाल लंगर सेवा की जाएगी, जिससे प्रकाश पर्व में पहुंचने वाली संगत को सुविधापूर्वक गुरु का लंगर प्राप्त हो सके।
इसी प्रकार बाबा सतनाम सिंह जी, बाबा इंद्रजीत सिंह जी (यूके), बाबा बलबीर सिंह जी 96 करोड़ी तथा बाबा अवतार सिंह जी बुड्ढा दल, बाड़ू साहिब वाले बाबा जी को भी प्रकाश पर्व में शामिल होने के लिए सादर निमंत्रण दिया गया है।
सरदार सुदीप सिंह ने कहा कि श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज की पावन जन्मस्थली तख्त श्री पटना साहिब का सिख इतिहास में अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान है। प्रकाश पर्व केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि गुरु साहिब के त्याग, वीरता, मानवता, समानता और सर्वधर्म सद्भाव के महान संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का अवसर भी है।
उन्होंने कहा कि 350वें प्रकाश पर्व के दौरान जिस प्रकार बिहार सरकार, स्थानीय प्रशासन और संगत के सहयोग से पटना साहिब ने पूरी दुनिया में एक ऐतिहासिक मिसाल कायम की थी, उसी भावना के साथ 360वें प्रकाश पर्व को भी यादगार बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
सरदार सुदीप सिंह ने देश-विदेश की संगत से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में गुरु साहिब की पावन जन्मस्थली पर पहुंचकर प्रकाश पर्व की खुशियों में शामिल हों और गुरु घर की आशीष प्राप्त करें।
उन्होंने कहा कि प्रबंधक कमेटी का प्रयास है कि पटना साहिब आने वाली प्रत्येक संगत को श्रद्धा, सेवा और आतिथ्य का ऐसा अनुभव मिले, जो इस ऐतिहासिक प्रकाश पर्व की स्मृतियों को सदैव जीवंत रखे।
