फुलवारीशरीफ, अजीत। पटना एम्स के सर्जरी विभाग में पूर्व में कार्यरत एक जूनियर रेजिडेंट डॉक्टर पर युवती ने शादी का झांसा देकर चार साल तक दुष्कर्म और शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया है. पीड़िता ने फुलवारी शरीफ थाने में लिखित शिकायत देकर डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार, वर्ष 2022 में हाथ जलने के बाद वह प्लास्टिक सर्जरी कराने पटना एम्स पहुंची थी. इसी दौरान इलाज कर रहे डॉक्टर सतन कुमार से उसकी पहचान हुई. युवती का आरोप है कि दिसंबर 2022 में डॉक्टर ने उसे एम्स परिसर स्थित बॉयज हॉस्टल के कमरा नंबर 313 में चाय पीने के बहाने बुलाया. वहां नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया. होश आने पर विरोध करने पर डॉक्टर ने शादी करने का भरोसा देकर उसे चुप करा दिया।
युवती ने आरोप लगाया है कि इसके बाद डॉक्टर शादी का भरोसा देकर उसे पटना के अलग-अलग होटलों में बुलाते रहे और शारीरिक संबंध बनाते रहे. इसी दौरान वह गर्भवती हो गई. आरोप है कि डॉक्टर ने उसका गर्भपात भी करा दिया. बाद में जब युवती ने शादी करने का दबाव बनाया तो डॉक्टर ने इससे इनकार कर दिया।
शिकायत में युवती ने 30 मई 2026 की एक अन्य घटना का भी जिक्र किया है. आरोप है कि डॉक्टर अपनी पत्नी के साथ उसके घर पहुंचे और मामले को सार्वजनिक करने या शादी की बात उठाने पर उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी. इसके अलावा 26 अक्टूबर 2026 को दानापुर जाने के दौरान ऑटो में उसकी हत्या की कोशिश किए जाने का भी आरोप लगाया है. युवती के मुताबिक, मौके पर भीड़ होने के कारण वह बच निकली।
इधर, आरोपी डॉक्टर का पक्ष जानने के लिए कई बार फोन किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका. पटना एम्स के सर्जरी विभाग की प्रभारी डॉ. वीणा सिंह ने बताया कि संबंधित डॉक्टर पहले एम्स में कार्यरत थे, लेकिन फिलहाल उनका तबादला जहानाबाद के एक अस्पताल में हो चुका है. उन्होंने इस मामले की जानकारी होने से इनकार किया। वहीं, फुलवारी शरीफ थाना प्रभारी ने बताया कि युवती ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म समेत कई गंभीर आरोप लगाते हुए शिकायत दी थी. जांच के बाद प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस सभी बिंदुओं पर छानबीन कर रही है. जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
