अररिया, रंजीत ठाकुर : नरपतगंज प्रखंड के नवाबगंज पंचायत अंतर्गत फुलकाहा बाजार वार्ड संख्या संख्या दो निवासी कपड़ा व्यवसायी अशोक कुमार गुप्ता के 21 वर्षीय पुत्र दीपक कुमार गुप्ता हत्याकांड में करीब 20 माह बीत जाने के बावजूद पीड़ित परिवार को अब तक न्याय नहीं मिल सका है। न्याय की आस लगाए बैठे स्वजन आज भी इंसाफ के इंतजार में हैं। वहीं, पीड़ित पिता ने आरोप लगाया है कि उन्हें और उनके परिवार के सदस्यों को लगातार केस उठाने की धमकी दी जा रही है, जिससे पूरा परिवार भय और दहशत के माहौल में जीवन गुजारने को मजबूर है। गौरतलब हो कि 29 अप्रैल 2025 की रात बकाया रुपये मांगने के विवाद में दीपक कुमार गुप्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
घटना के बाद 30 अप्रैल की सुबह नरपतगंज मुख्य सड़क के किनारे मधुरा विद्यालय के समीप उसका शव बरामद हुआ था। इस मामले में फुलकाहा निवासी अरुण कुमार साहा, पिता स्वर्गीय कमलेश्वरी साहा एवं उनके पुत्र मंजीत कुमार साहा को आरोपित बनाया गया था। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में अररिया जेल भेज दिया था। घटना के समय तत्कालीन एसपी अंजनी कुमार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए हत्याकांड का स्पीडी ट्रायल कराने की दिशा में पहल करने की बात कही थी, ताकि पीड़ित परिवार को जल्द न्याय मिल सके। लेकिन करीब 20 माह गुजर जाने के बाद भी स्वजनों को न्याय मिलने का इंतजार है।
मृतक के पिता अशोक कुमार गुप्ता ने बताया कि नोकरी का झांसा देकर उनके पुत्र से रुपये लिये थे। बकाया राशि मांगने पर उनके पुत्र की बेरहमी से गोली मारकर हत्या कर दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि अब भी एक आरोपी खुलेआम घूम रहा है और उन्हें केस उठाने की धमकी दी जा रही है। इस कारण परिवार के सभी सदस्य भयभीत हैं। पीड़ित पिता एवं माता रंभा देवी ने आशंका जताई कि यदि जल्द न्यायालय से इंसाफ नहीं मिला और परिवार को सुरक्षा नहीं दी गई तो भविष्य में कोई अप्रिय घटना घट सकती है। उन्होंने पुलिस प्रशासन एवं न्यायिक व्यवस्था से मामले की सुनवाई में तेजी लाने, आरोपितों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने और परिवार को सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है। इसको लेकर मृतक के पिता अशोक गुप्ता ने अररिया एसपी और फुलकाहा थाना पुलिस को सनहा देकर न्याय की गुहार लगाई है।
