पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति प्रखंड पटना सदर की बैठक कुम्हरार स्थित प्रखंड सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष मनीष कुमार यादव ने की। बैठक में सबसे पहले अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं उपस्थित सदस्यों ने बैठक में अनुपस्थित पदाधिकारियों के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए जनहित से जुड़े मुद्दों पर अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने की बात कही।
बैठक में सरकार द्वारा संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाएं तथा सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रभावी कदम उठाएं।
बैठक में विशेष रूप से राजस्व विभाग से जुड़े मामलों पर चर्चा की गई। समिति की ओर से राजस्व पदाधिकारियों को अपने कार्यों में तेजी लाने तथा आम लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करने का निर्देश दिया गया। साथ ही पटना सदर प्रखंड के चारों अंचलों के अंचल अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे प्रत्येक माह की 20 तारीख को 20 सूत्री कार्यालय को अपने अंचल में निष्पादित मामलों एवं लंबित मामलों की विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराएं, ताकि कार्यों की नियमित समीक्षा की जा सके।
बैठक में 20 सूत्री कार्यालय में प्राप्त विभिन्न लिखित शिकायतों का भी मुद्दा उठाया गया। सदस्यों ने शिकायतों का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि राजस्व विभाग से संबंधित कुछ कार्य कथित तौर पर दलालों के माध्यम से आसानी से हो जाते हैं, जबकि आम नागरिकों को अपने कार्यों के लिए महीनों और वर्षों तक कार्यालयों का चक्कर लगाना पड़ता है। जमीन के दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) एवं राजस्व रसीद निर्गत करने से संबंधित प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर भी शिकायतें प्राप्त होने की बात बैठक में कही गई।
इन शिकायतों के संदर्भ में दीदारगंज अंचल से संबंधित मामलों में सबसे अधिक अनियमितताओं के आरोपों वाले लिखित आवेदन प्राप्त होने की बात सदस्यों ने उठाई। समिति ने इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित मामलों की जांच एवं नियमानुसार कार्रवाई की आवश्यकता पर जोर दिया।
बैठक में कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के उपाध्यक्ष अशोक कुमार यादव, सदस्य मुकेश कुमार ठाकुर, अखिलेश कुमार, आफताब गुड्डू, मनोज शर्मा, गुड्डू पाठक, रामप्रवेश सिंह, कुम्हरार विधायक प्रतिनिधि सुनील कुमार यादव सहित अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक का संचालन प्रखंड विकास पदाधिकारी सह समिति सचिव श्रीमती सीमा कुमारी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन समिति के सदस्य मुकेश कुमार ठाकुर ने किया।बैठक में जनहित से जुड़े मामलों के त्वरित निष्पादन, विकास योजनाओं की प्रभावी निगरानी एवं प्रशासनिक जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
