बिहार

पटना सिटी में 20 नवंबर को धूमधाम से मनेगा श्री श्याम जन्मोत्सव, भजन संध्या में झूमेंगे श्रद्धालु

पटनासिटी, (न्यूज़ क्राइम 24) बाबा खाटू श्याम जी के पावन अवतरण दिवस के अवसर पर पटना सिटी में आगामी 20 नवंबर 2026 (शुक्रवार) को भव्य श्री श्याम जन्मोत्सव का आयोजन किया जाएगा। श्री श्याम मंदिर सेवा ट्रस्ट, पटना सिटी के तत्वावधान में आयोजित यह धार्मिक महोत्सव श्री श्याम मंदिर परिसर में धूमधाम से मनाया जाएगा। ट्रस्ट के संयोजक मनीष हरलालका ने बताया कि जन्मोत्सव को लेकर मंदिर परिसर में विशेष तैयारियां की जा रही हैं। इस अवसर पर बाबा का अलौकिक एवं मनमोहक श्रृंगार किया जाएगा, जिसका दिव्य दर्शन श्रद्धालु कर सकेंगे। वहीं, संध्या 7:30 बजे से भव्य भजन संध्या की शुरुआत होगी। इसमें कोलकाता से पहुंच रहे सुप्रसिद्ध भजन गायक विकास गोरसिया सहित स्थानीय श्याम भक्त अपनी मधुर भजनों की प्रस्तुति से बाबा का गुणगान करेंगे।

कार्यक्रम के तहत रात्रि 12:01 बजे बाबा श्याम का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। इसके बाद 12:05 बजे छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा। रात्रि 12:11 बजे फलाहार केक अर्पण तथा 12:15 बजे विशेष महाआरती का आयोजन होगा। जन्मोत्सव को लेकर मंदिर परिसर को फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से आकर्षक ढंग से सजाया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रस्ट की ओर से व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। श्री श्याम मंदिर सेवा ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने पटना सिटी एवं आसपास के क्षेत्रों के सभी धर्मप्रेमियों और श्याम भक्तों से सपरिवार एवं इष्ट-मित्रों के साथ जन्मोत्सव में शामिल होकर बाबा का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।

Related posts

राज्य औषधि नियंत्रण विभाग की बड़ी कार्रवाई, राज्य भर में 30 से अधिक प्रतिष्ठानों एवं सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में औचक निरीक्षण

पटना सिटी रेड क्रॉस भवन में ब्लड बैंक और डायलिसिस सेवा शुरू कराने की पहल, राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन

अशोक चौधरी की विधान परिषद सदस्यता समाप्त कर मंत्री पद से बर्खास्त किया जाए : मनोज झा