बिहार

इंग्लैंड में धूमधाम से मनाया गया छठ महापर्व, बिहार की महिलाओं ने रखा व्रत

इंग्लैंड, (न्यूज़ क्राइम 24) विदेश की धरती पर भी भारतीय संस्कृति और परंपराओं के प्रति आस्था और श्रद्धा का अनूठा संगम देखने को मिला। इंग्लैंड में भारतीय समुदाय के लोगों ने पूरे उत्साह और भक्तिभाव के साथ लोक आस्था का महापर्व छठ मनाया। इस दौरान पूनम और प्रियंका जसवाल ने छठी मैया की आराधना करते हुए व्रत रखा और परिवार की सुख-समृद्धि एवं मंगलकामना के लिए भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया।

प्रियंका जसवाल पिछले कई वर्षों से छठ महापर्व का व्रत करती आ रही हैं। वहीं, पूनम ने अपनी नवजात नातिन के सुखद भविष्य, समृद्धि और मंगलकामना के लिए छठी मैया की उपासना की। इस आयोजन में मुजफ्फरपुर अघोरिया चौक की अंकिता विकास सिंह, अतरदह में लंबे समय तक रह चुके बुद्धदेव मंडल और अनुराधा कुमारी भी शामिल हुए। सभी ने मिलकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और एक-दूसरे को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं।

बारिश और कड़ाके की ठंड भी नहीं डिगा सकी आस्था

इंग्लैंड में छठ पूजा के दौरान मौसम ने व्रतियों की परीक्षा ली। संध्या अर्घ्य के दिन तेज बारिश के कारण व्रतियों और श्रद्धालुओं को परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं, उषा अर्घ्य के समय तापमान शून्य से नीचे पहुंचने के कारण ठंड और बढ़ गई। कई सालों से इंग्लैंड में रह रही मधु चौरसिया ने बताया कि हमलोग बहुत अच्छे से यहां छठ मनाते हैं। बिहार की अच्छी खासी महिलाएं यहां रहती हैं, हमलोग मिलकर सेलिब्रेट करते हैं। मधु ने बताया कि हमलोग देश से बाहर रहकर भी अपनी मिट्टी की संस्कृति नहीं भूले हैं।

हालांकि, प्रतिकूल मौसम भी व्रतियों की आस्था को डिगा नहीं सका। कड़ाके की ठंड से बचने के लिए व्रतियों ने गर्म पानी से भरे टब में खड़े होकर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और छठी मैया से परिवार की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।

विदेश में भी जीवंत रही भारतीय संस्कृति की परंपरा

इंग्लैंड में छठ महापर्व का यह आयोजन भारतीय संस्कृति और लोक आस्था की वैश्विक पहचान को दर्शाता है। सात समंदर पार रहने के बावजूद भारतीय समुदाय के लोगों ने अपनी परंपराओं को पूरी श्रद्धा के साथ निभाया। बारिश, शून्य से नीचे तापमान और विपरीत परिस्थितियों के बीच छठ व्रतियों का समर्पण इस बात का प्रमाण बना कि छठ महापर्व केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, पारिवारिक आस्था और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक भी है।

Related posts

पटना सिटी में 20 नवंबर को धूमधाम से मनेगा श्री श्याम जन्मोत्सव, भजन संध्या में झूमेंगे श्रद्धालु

राज्य औषधि नियंत्रण विभाग की बड़ी कार्रवाई, राज्य भर में 30 से अधिक प्रतिष्ठानों एवं सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में औचक निरीक्षण

पटना सिटी रेड क्रॉस भवन में ब्लड बैंक और डायलिसिस सेवा शुरू कराने की पहल, राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन