फुलवारीशरीफ, अजीत। सुख, समृद्धि, आरोग्य और परिवार की खुशहाली की मंगलकामना के साथ रविवार को लोक आस्था के महापर्व छठ के तीसरे दिन राजधानी पटना के फुलवारी शरीफ और आसपास के इलाकों में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला. अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को पहला अर्घ्य देने के लिए नदी, नहर, तालाब, पोखर और सरोवरों के किनारे हजारों की संख्या में व्रती और श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा. सिर पर पूजन सामग्री से भरे दउरा और हाथों में सूप, फल-फूल लेकर व्रती घाटों पर पहुंचे और पूरे विधि-विधान से डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की.रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही छठ महापर्व का तीसरा दिन श्रद्धा और उल्लास के बीच संपन्न हुआ. सोमवार की अहले सुबह व्रती एक बार फिर घाटों पर पहुंचकर उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे. इसके साथ ही चार दिनों तक चलने वाला लोक आस्था का महापर्व छठ संपन्न हो जाएगा.
फुलवारी शरीफ में प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित ऐतिहासिक शिव मंदिर घाट खगौल सोन नहर घाट पर सबसे अधिक रौनक देखने को मिली. यहां भव्य शिव मंदिर और मंदिर परिसर में बने घाट पर सुबह से ही साफ-सफाई, रोशनी और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया था. खगोल सोन नहर घाट पर खगौल नगर परिषद के द्वारा साफ सफाई की व्यवस्था की गई थी. शाम होते ही व्रतियों और श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी. महिलाएं पारंपरिक छठ गीत गाते हुए सूप और दउरा लेकर घाट पहुंचीं. मंदिर परिसर में भगवान सूर्य की उपासना के साथ भगवान सूर्य मंदिर में भी श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की. शिव मंदिर घाट पर नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष आफताब आलम, वार्ड पार्षद मोहम्मद शाहबाज आलम, भीम पंडित, रमेश यादव समेत कई स्थानीय लोग सक्रिय रहे. सभी श्रद्धालुओं की सुविधाओं की देखरेख और व्यवस्था की मॉनिटरिंग करते नजर आए.यहां बिहार नेशनल क्रिकेट क्लब के द्वारा भी श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्था कराई गई.फुलवारी शरीफ शिव मंदिर घाट पर छठ पूजा को लेकर झांकियां लगाई गई जहां नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष आफताब आलम ने कलाकारों की झांकियां की आरती उतारी.
शाम होते ही छठ घाटों पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा. चारों तरफ छठी मइया के पारंपरिक और कर्णप्रिय गीत गूंजते रहे. महिलाओं, पुरुषों, बच्चों और बुजुर्गों की भारी भीड़ के बीच व्रती पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना में जुटे रहे. जैसे-जैसे सूर्यदेव अस्ताचल की ओर बढ़े, वैसे-वैसे घाटों पर भक्ति और उत्साह का माहौल गहराता गया. सूर्य की अंतिम किरणों के बीच हजारों हाथ एक साथ अर्घ्य देने के लिए उठे तो पूरा वातावरण छठी मइया के जयकारों और सूर्य उपासना के गीतों से भक्तिमय हो उठा.
फुलवारी शरीफ, बीएमपी तालाब जगदेव पथ रोड , बेऊर, सिपारा, रामकृष्ण नगर, खेमनीचक, जगनपुरा, इलाही बाग मानपुर बैरिया कर्णपुरा मनोहरपुर कछुआरा ,अनीसाबाद, जानीपुर, भुसौला दानापुर, खगौल, लख , संपतचक, गौरीचक, बेलदारीचक, बैरिया, गोपालपुर, परसा बाजार और पुनपुन नदी किनारे सकरैचा धनकी धराए चक राजघाट नवादा अध्पा समेत आसपास के तमाम इलाकों में छठ की रौनक देखते ही बनी. पुनपुन नदी तट, शिव मंदिर घाट, करोड़ीचक गणेश तालाब, बहादुरपुर सूर्य मंदिर घाट, गोनपुरा सूर्य मंदिर घाट, खगौल लख स्थित बड़ी सोन नहर छठ घाट, अनीसाबाद के मानिकचंद तालाब, संपतचक के भोगीपुर में रॉकी मुखिया का तालाब, बरहमपुर तालाब, जगनपुरा, बैरिया सूर्य मंदिर घाट, इलाहीबाग, तारण पुर कंडाप, बजरंगबली कॉलोनी घाट, कुरकुरी पोखर और कछुआरा के आहर-पइन में बनाए गए छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी.
इसके अलावा बायपास में अनीसाबाद माणिक चंद तालाब पर पुलिस कॉलोनी पहाड़पुर बालमीचक हरनी चक चितकोहरा शिवपुरी भिखाचक तेज प्रताप नगर बेऊर मोड़ और आसपास के इलाके के लोग छठ पर्व पर अर्ध्य देने उमड़ पड़े.वहीं संजय नगर, मित्र मंडल कॉलोनी, बिड़ला कॉलोनी, साकेत विहार, पुलिस कॉलोनी, बजरंगबली कॉलोनी और वाल्मी स्थित वृंदावन कॉलोनी समेत कई मोहल्लों में भी छठ पूजा की विशेष व्यवस्था की गई थी. जिन इलाकों में नदी, तालाब या सार्वजनिक घाट उपलब्ध नहीं थे, वहां लोगों ने अपने स्तर से अस्थायी तालाब बनाकर और घरों की छतों पर कृत्रिम तालाब तैयार कर भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया. शहर से लेकर गांव तक हर गली, मोहल्ले और कॉलोनी में छठ की छटा बिखरी रही.
हर घाट पर प्रशासन की पुख्ता व्यवस्था, रैपिड एक्शन फोर्स के जवानों की तैनाती
छठ महापर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, नगर परिषद, नगर निकाय और पंचायत स्तर पर व्यापक इंतजाम किए गए थे. प्रमुख छठ घाटों पर सुरक्षा के मद्देनजर रैपिड एक्शन फोर्स के जवानों की तैनाती की गई थी. स्थानीय पुलिस बल भी लगातार मुस्तैद रहा. घाटों पर पर्याप्त रोशनी के लिए लाइटिंग की व्यवस्था की गई थी, ताकि अंधेरा होने के बाद भी व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं हो. महिलाओं की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए चेंजिंग रूम बनाए गए थे. वहीं नदी और गहरे जलाशयों में किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए गोताखोरों और बचाव दल की व्यवस्था भी की गई थी.
घाटों तक आने-जाने वाले रास्तों की साफ-सफाई कराई गई थी. नगर परिषद फुलवारी शरीफ, संपतचक नगर परिषद और संबंधित पंचायतों की ओर से अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई, रोशनी और अन्य जरूरी सुविधाओं का इंतजाम किया गया था. घाटों के आसपास छठ के पारंपरिक गीत बजते रहे. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्थानीय स्तर पर भी स्वयंसेवक और पूजा समितियों के सदस्य सक्रिय रहे.
ए एस पी ,डीएसपी और थानाध्यक्षों ने संभाली सुरक्षा की कमान, लगातार करते रहे गश्त
छठ पर्व के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था का जायजा लेने के लिए पुलिस और प्रशासन के अधिकारी लगातार विभिन्न घाटों का निरीक्षण करते रहे. फुलवारी शरीफ के डीएसपी-1 नारायण उपाध्याय, डीएसपी-2 उमेश्वर चौधरी और पटना सदर डीएसपी-2 रंजन कुमार अपने-अपने क्षेत्र में पुलिस पदाधिकारियों के साथ लगातार घूम-घूमकर घाटों की व्यवस्था और सुरक्षा का जायजा लेते रहे. अधिकारियों ने घाटों पर तैनात पुलिस बल को सतर्क रहने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया.
फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र में थानाध्यक्ष मोहम्मद गुलाम शाहबाज आलम पुलिस बल के साथ विभिन्न घाटों और संवेदनशील स्थानों पर लगातार भ्रमण करते रहे. बेऊर थाना क्षेत्र में थानाध्यक्ष अफसर हुसैन, जानीपुर थाना क्षेत्र में थानाध्यक्ष सागर कुमार और परसा बाजार थाना क्षेत्र में थानाध्यक्ष मेनका रानी अपने-अपने इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे. वहीं रामकृष्ण नगर, गौरीचक और गोपालपुर थाना क्षेत्रों के थानाध्यक्ष भी अपने-अपने इलाकों में पुलिस बल के साथ भ्रमण कर घाटों की व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करते नजर आए.
पटना सदर अनुमंडल पदाधिकारी और बीडीओ सीओ समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी अलग-अलग इलाकों में गश्त करते रहे. रैपिड एक्शन फोर्स और स्थानीय पुलिस की तैनाती के कारण घाटों पर सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम रहा.
संपतचक में अध्यक्ष अमित कुमार और ऋषभ राय ने संभाली व्यवस्था
संपतचक नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों पर नगर परिषद अध्यक्ष अमित कुमार और अध्यक्ष प्रतिनिधि ऋषभ राय उर्फ बंटू लगातार घूम-घूमकर श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की निगरानी करते रहे. दोनों ने विभिन्न घाटों पर पहुंचकर साफ-सफाई, रोशनी, सुरक्षा और व्रतियों के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया. नगर परिषद अध्यक्ष अमित कुमार ने कहा कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को हर तरह की सुविधा उपलब्ध कराई गई है. घाटों पर साफ-सफाई, रोशनी और अन्य जरूरी इंतजाम किए गए हैं, ताकि किसी को परेशानी नहीं हो. उन्होंने कहा कि पर्व को लेकर नगर परिषद की ओर से पूरी तैयारी की गई है और सभी व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखी जा रही है.
संपतचक नगर परिषद क्षेत्र के छठ घाटों में शेखपुरा छठ घाट, शेखपुरा रामकृष्णा नगर मेन रोड छठ घाट, बेईमान टोला छठ घाट, सद्भावना नगर नयाचक छठ घाट, कनौजी तालाब छठ घाट, देवी स्थान मनोहरपुर कछुआरा छठ घाट, तेलिया खांड़ मनोहरपुर कछुआरा छठ घाट, इलाहीबाग सूर्य मंदिर तालाब छठ घाट, उदैनी छठ घाट (गणेश कॉलोनी), खैराटाली सूर्य मंदिर तालाब छठ घाट, खैराटाली पीपरा छठ घाट, बोधाचक छठ घाट, फजीलाबाद छठ घाट, भेलवाड़ा छठ घाट, भोगीपुर तालाब छठ घाट, कामताचक छठ घाट, गोसाईंमठ छठ घाट, वाटर पार्क छठ घाट, सोहगी छठ घाट, हण्डेर सूर्य मंदिर तालाब पूर्वी छठ घाट, हण्डेर सूर्य मंदिर तालाब पश्चिमी छठ घाट, रामनगर छठ घाट, भीड़पर छठ घाट, बैरिया सूर्य मंदिर तालाब छठ घाट, कर्णपुरा तालाब छठ घाट पश्चिमी, कर्णपुरा तालाब छठ घाट पूर्वी, विश्वनाथ सिंह फार्म हाउस छठ घाट, चकबैरिया सूर्य मंदिर छठ घाट और संपतचक गांव छठ घाट शामिल हैं।
जनप्रतिनिधियों ने भी किया घाटों का निरीक्षण
छठ महापर्व को लेकर विधायक श्याम रजक ने विभिन्न घाटों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया था. हिन्दुनी में छठ घाट का उद्घाटन भी किया गया. सांसद डॉ. मीसा भारती ने भी फुलवारी शरीफ के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर व्रतियों के लिए की गई सुविधाओं की जानकारी ली थी.पूर्व विधायक गोपाल रविदास भी अलग-अलग घाटों पर पहुंचकर श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लेते रहे.इस दौरान छठ की महिमा और लोक संस्कृति से जुड़े आयोजनों ने श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ाया.
डूबते सूर्य की उपासना का संदेश देती है छठ की परंपरा
छठ महापर्व भारतीय संस्कृति और लोक आस्था का ऐसा अनूठा पर्व है, जिसमें उगते सूर्य के साथ-साथ अस्ताचलगामी सूर्य की भी समान श्रद्धा से पूजा की जाती है. यह पर्व प्रकृति, जल, सूर्य और जीवन के प्रति कृतज्ञता का संदेश देता है. बिहार की धरती से जुड़ी छठ की परंपरा आज देश ही नहीं, बल्कि दुनिया के अनेक हिस्सों में रहने वाले भारतीयों तक पहुंच चुकी है. डूबते सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा यह संदेश देती है कि जीवन में अस्त होते समय का भी उतना ही सम्मान होना चाहिए जितना उदय के समय का. इसी आस्था, समानता, संयम और प्रकृति के प्रति समर्पण की भावना के कारण छठ महापर्व की पहचान विश्वभर में बनी है।
