बिहार

छठ घाट की सजावट और सफाई के दौरान पुनपुन नदी में डूबे तीन किशोर, परिवार में मचा कोहराम

फुलवारीशरीफ, अजीत। पटना सिटी के दीदारगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत मिर्जापुर गांव के पास पुनपुन नदी घाट पर रविवार को छठ महापर्व की तैयारियों के बीच बड़ा हादसा हो गया. घाट की साफ-सफाई और सजावट करने पहुंचे तीन किशोर नदी में नहाने के दौरान गहरे पानी में डूब गए. तीनों की उम्र 14 से 16 वर्ष के बीच बताई जा रही है. घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई. छठ की तैयारियों में जुटे परिवारों की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं. तीनों किशोरों की तलाश में बचाव अभियान चलाया जा रहा है.

बताया जाता है कि मिर्जापुर गांव में छठ पूजा को लेकर घरों से लेकर घाट तक तैयारियां चल रही थीं. रविवार को संध्या अर्घ्य से पहले नदी किनारे घाट की सफाई और सजावट का काम किया जा रहा था. इसी दौरान तीनों किशोर भी घाट पर पहुंचे. सफाई और सजावट के बीच वे नदी में नहाने लगे. इसी क्रम में तीनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे. आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके. घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों और परिजनों की भीड़ नदी किनारे जुट गई. परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.

नदी में डूबे किशोरों की पहचान सूरज कुमार (15), पिता विजय कुमार शर्मा, आदित्य कुमार (16), पिता सुधीर कुमार शर्मा और आशु कुमार, पिता सोनू शर्मा के रूप में हुई है. तीनों मिर्जापुर गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं. हालांकि, एक अन्य प्राप्त विवरण में तीसरे किशोर का नाम यश राज (14), पिता प्रिंस कुमार बताया गया है. नाम और पिता के नाम को लेकर अलग-अलग जानकारी सामने आने के कारण इसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है.

हादसे की सूचना मिलते ही दीदारगंज थाना के पुलिस अधिकारी इम्तियाज झंकार पुलिस टीम के साथ सबसे पहले घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने मौके पर जमा आक्रोशित लोगों को समझाकर शांत कराया और तत्काल बचाव कार्य शुरू कराया. स्थानीय गोताखोरों को नदी में उतारा गया. इसके साथ ही एनडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया. गोताखोर और बचाव दल के सदस्य नदी में लगातार तलाश अभियान चला रहे थे. नदी के अलग-अलग हिस्सों में किशोरों की खोजबीन की जा रही थी.

घटना की खबर फैलते ही मिर्जापुर गांव और आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोग घाट पर पहुंच गए. परिजन नदी किनारे बदहवास होकर अपने बच्चों के मिलने की आस लगाए बैठे रहे. कुछ लोगों ने बचाव कार्य में देरी को लेकर हंगामा भी किया, लेकिन पुलिस अधिकारी इम्तियाज झंकार ने लोगों को समझाकर शांत कराया. सामाजिक कार्यकर्ता रंजीत भट्ट व्यास ने भी पत्रकारों को घटना की जानकारी दी.

जिस घर में सुबह से छठ पूजा के प्रसाद के लिए ठेकुआ बन रहा था और दउरा सजाया जा रहा था, वहां अब चीख-पुकार और मातम पसरा हुआ है. संध्या अर्घ्य की तैयारियों और छठ गीतों से गूंजने वाला मिर्जापुर गांव तीन किशोरों के डूबने की खबर से गमगीन हो गया. फिलहाल तीनों की तलाश जारी है।

Related posts

छठ घाट निर्माण कार्य का विधायक श्याम रजक ने किया उद्घाटन, कहा- छठ व्रतियों को मिलेगी बेहतर सुविधा

छठ घाट पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, डूबते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए नदी-तालाबों पर उमड़ी भीड़

शारदा सिन्हा के गीतों के बिना अधूरा है छठ महापर्व, श्रद्धांजलि देकर किया याद