बिहार

शारदा सिन्हा के गीतों के बिना अधूरा है छठ महापर्व, श्रद्धांजलि देकर किया याद

फुलवारीशरीफ, अजीत। पटना के मीठापुर पुरानी बस स्टैंड के पास न्यू बंगाली टोला, चाणक्य लॉ कॉलेज के निकट मेन रोड स्थित श्री श्री नवयुवक संघ छठ पूजा समिति की ओर से शनिवार को लोक गायिका स्वर्गीय शारदा सिन्हा को याद करते हुए श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी.

श्रद्धांजलि देने पहुंचे लोगों ने कहा कि शारदा सिन्हा और छठ महापर्व एक-दूसरे के पर्याय बन चुके हैं. उनके छठ गीतों के बिना महापर्व की रौनक अधूरी लगती है. उनके मधुर और पारंपरिक गीतों ने छठ पर्व को देश-विदेश में एक अलग पहचान दिलाई है. आज भी छठ के मौके पर उनके गीत हर घर और घाट पर गूंजते हैं.

समिति की ओर से छठ पूजा के अवसर पर सुबह में श्रद्धालुओं के बीच छठ पूजा सामग्री का वितरण किया गया. वहीं पहले अर्घ्य के बाद संध्या में बनारस से आए पंडितों द्वारा भव्य गंगा आरती का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है.

वर्ष 2007 में स्थापित श्री श्री नवयुवक संघ का इस वर्ष 19वां छठ महोत्सव आयोजित हो रहा है. आयोजन को सफल बनाने में संघ के अध्यक्ष रवि कुमार, कोषाध्यक्ष राकेश कुमार, सचिव राजेश कुमार सोनी सहित अजय कुमार, संदीप कुमार, गौतम कुमार और सनी कुमार सक्रिय रूप से जुटे हैं।

Related posts

छठ घाट निर्माण कार्य का विधायक श्याम रजक ने किया उद्घाटन, कहा- छठ व्रतियों को मिलेगी बेहतर सुविधा

छठ घाट पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, डूबते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए नदी-तालाबों पर उमड़ी भीड़

छठ घाट की सजावट और सफाई के दौरान पुनपुन नदी में डूबे तीन किशोर, परिवार में मचा कोहराम