फुलवारीशरीफ, अजीत। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर संपतचक में श्री श्री छठ पूजा सेवा समिति सद्भावना क्लब की ओर से शुक्रवार को छठ व्रतियों के बीच सूप, साड़ी और नारियल का वितरण किया गया. संपतचक ब्लॉक गेट के समीप आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छठ व्रतियों और स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया. दोपहर करीब दो बजे शुरू हुए वितरण कार्यक्रम में श्रद्धा और उत्साह का माहौल रहा।
इस अवसर पर फतुहा विधायक रामानंद यादव समेत कई जनप्रतिनिधियों ने शिरकत की और छठ व्रतियों के बीच पूजन सामग्री वितरित की. समिति की ओर से व्रतियों की सेवा और सहयोग के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम की स्थानीय लोगों ने सराहना की. आयोजकों ने कहा कि छठ महापर्व लोक आस्था, परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक है. व्रतियों की सेवा करना सौभाग्य की बात है. समिति प्रत्येक वर्ष सामाजिक और धार्मिक आयोजनों के माध्यम से लोगों को जोड़ने का प्रयास करती है।
15 नवंबर को छठ संध्या और भव्य जागरण
समिति की ओर से रविवार 15 नवंबर को संध्या में छठ संध्या एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इसके बाद शाम सात बजे से भव्य जागरण होगा. इसमें भोजपुरी और मगही संगीत जगत के कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे. गायक भीम यादव, अंशु मिश्रा तथा गायिका अंजली भारती और यशिका चन्द्रा अपनी सुरीली आवाज से श्रद्धालुओं का मनोरंजन करेंगी। समिति ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं और आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है. कार्यक्रम के स्वागतकर्ता राम कुमार यादव हैं. आयोजन संपतचक ब्लॉक गेट के समीप किया जाएगा।
