फुलवारीशरीफ, अजीत। फुलवारी शरीफ के हिंदूनी गांव में तालाब में डूबने से तीन बच्चियों की मौत के बाद गुरुवार को जदयू विधायक श्याम रजक पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे. विधायक को देखते ही मृतक बच्चियों के परिजनों और महिलाओं का धैर्य टूट गया. महिलाएं बिलख-बिलख कर रोने लगीं और विधायक के सामने ही घटना की पूरी जानकारी देते हुए अपना दर्द बयां किया. परिजनों की चीख-पुकार सुनकर विधायक भी भावुक हो गए. उन्होंने पीड़ित परिवारों को ढांढ़स बंधाया और हर संभव मदद का भरोसा दिया।
विधायक श्याम रजक ने बताया कि मृतक बच्चियों के परिजनों को आपदा राहत के तहत चार-चार लाख रुपये मुआवजा दिलाने के लिए संबंधित तीन अधिकारियों से बातचीत हो चुकी है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि मुआवजे की प्रक्रिया पूरी कराकर पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इस हादसे में बेली कुमारी (18 वर्ष), पिता रामवरण राय, मौली कुमारी (17 वर्ष), पिता मनोज कुमार और सृष्टि कुमारी (7 वर्ष), पिता अरुण पासवान की तालाब में डूबने से मौत हो गई थी. तीनों बच्चियों की मौत से हिंदूनी गांव में मातम पसरा हुआ है।
पीड़ित परिवारों ने विधायक को बताया कि हादसे ने उनके घरों की खुशियां छीन ली हैं. मनोज पासवान की पत्नी ने बताया कि उनकी नतिनी सृष्टि के पिता की मौत के बाद वह उसे अपने ननिहाल में ही पाल रही थीं. सृष्टि गांव में ही पढ़ने जाती थी. वहीं, मौली कुमारी ने कुरकुरी हाईस्कूल से मैट्रिक की परीक्षा पास की थी. परिजनों के मुताबिक दोनों बच्चियां पढ़ाई में काफी होनहार थीं. उनकी असमय मौत से परिवार का सपना भी टूट गया। विधायक श्याम रजक ने ग्रामीणों से अपील की कि गहराई वाले तालाबों और पोखरों में नहाने से बचें. खासकर छोटे बच्चों को ऐसे जलाशयों के पास अकेले नहीं जाने दें और जहां पानी अधिक गहरा हो, वहां बच्चों को नहाने की अनुमति बिल्कुल न दें. उन्होंने कहा कि थोड़ी सी सावधानी बरतकर इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सकता है।
