पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) फाइलेरिया उन्मूलन अभियान को गति देने के लिए स्वास्थ्य विभाग छठ महापर्व पर गांव लौटने वाले प्रवासी श्रमिकों को फाइलेरिया रोधी दवा खिलाने के लिए विशेष अभियान चलाएगा। इसके तहत राज्य के 644 चिह्नित उच्च प्राथमिकता वाले गांवों की सूची में से प्रत्येक जिले में पहले चरण में कम से कम पांच गांवों का चयन किया जाएगा। इन चयनित गांवों में 12 से 20 नवंबर 2026 के बीच विशेष शिविर आयोजित कर एमडीए अभियान में दवा सेवन से छूटे पात्र लोगों और वापस लौटे प्रवासी श्रमिकों को दवा खिलाई जाएगी।
स्वास्थ्य सेवाएं, बिहार के अपर निदेशक डॉ. अनिल कुमार ने सभी सिविल सर्जनों को इस संबंध में निर्देश जारी किया है। उन्होंने कहा कि फाइलेरिया उन्मूलन के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए यह जरूरी है कि कोई भी पात्र व्यक्ति दवा सेवन से वंचित न रहे। खासकर उन लोगों की पहचान पर ध्यान देना होगा, जिन्होंने अब तक कभी एमडीए की दवा नहीं खाई है अथवा पिछले एमडीए चक्र में दवा सेवन नहीं किया है। छठ और दीपावली के अवसर पर गांव लौटने वाले प्रवासी श्रमिकों तक पहुंचकर उन्हें दवा सेवन के लिए प्रेरित करना इस अभियान का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।
आशा कार्यकर्ता करेंगी छूटे लोगों की पहचान
अभियान के तहत आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर दवा सेवन से वंचित पात्र लोगों की सूची तैयार करेंगी। गांव लौटे प्रवासी श्रमिकों की पहचान कर उन्हें नजदीकी स्वास्थ्य संस्थान अथवा निर्धारित शिविर में दवा सेवन के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसके लिए पंचायत, जीविका, आईसीडीएस और शिक्षा विभाग का सहयोग लिया जाएगा।
स्वास्थ्य संस्थानों में भी होगी दवा सेवन की व्यवस्था
सभी स्वास्थ्य एवं आरोग्य मंदिरों और सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में दवा की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। अस्पतालों की ओपीडी में आने वाले ऐसे पात्र लोगों को दवा खिलाने के लिए स्वास्थ्यकर्मी नामित किए जाएंगे। चयनित गांवों में शिविर का माइक्रोप्लान तैयार होगा, जिसमें तिथि, स्थान, लक्षित लोगों की संख्या और दवा की आवश्यकता का विवरण रहेगा।
छठ घाटों पर भी होगा प्रचार-प्रसार
अभियान में छठ पूजा एवं घाट समितियों, जीविका दीदियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और श्रम ठेकेदारों का सहयोग लिया जाएगा। छठ घाटों पर माइक से प्रचार कर शिविरों की जानकारी दी जाएगी। दवा का सेवन स्वास्थ्यकर्मी या ड्रग एडमिनिस्ट्रेटर के सामने भोजन के बाद निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार कराया जाएगा। छठ व्रतियों को व्रत के दौरान दवा नहीं दी जाएगी। उन्हें 17 नवंबर से दवा सेवन के लिए आच्छादित किया जाएगा। अभियान की प्रतिदिन समीक्षा और प्रखंड से राज्य स्तर तक रिपोर्टिंग भी सुनिश्चित की जाएगी।
