फुलवारीशरीफ, अजीत। भैया दूज के दिन छठ पूजा की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब फुलवारी शरीफ के हिंदूनी गांव में तालाब में नहाने गईं तीन बच्चियों की डूबने से मौत हो गई. हादसे में बेली कुमारी (18 वर्ष), पिता रामवरण राय, मौली कुमारी (17 वर्ष), पिता मनोज कुमार और सृष्टि कुमारी (7 वर्ष), पिता अरुण पासवान की जान चली गई. तीनों बच्चियों की मौत की खबर से हिंदूनी गांव में कोहराम मच गया. वहीं, बच्चियों को बचाने की उम्मीद में परिजन गांव से पटना एम्स तक भाग-दौड़ करते रहे. अस्पताल में भी परिजनों के विलाप से माहौल गमगीन हो गया।
बताया जाता है कि भैया दूज के मौके पर छठ पूजा को लेकर घरों में तैयारियां चल रही थीं. इसी दौरान तीनों बच्चियां गांव के तालाब में नहाने चली गईं. नहाने के दौरान वे गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं. बच्चियों को डूबता देख आसपास के लोगों ने शोर मचाया. इसके बाद ग्रामीण तालाब की ओर दौड़े और काफी मशक्कत के बाद तीनों को पानी से बाहर निकाला. आनन-फानन में परिजन उन्हें बचाने के लिए अस्पताल ले जाने में जुट गए. एक बच्ची को गंभीर हालत में पटना एम्स पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. इस हादसे में तीनों बच्चियों की जान चली गई।
घटना की सूचना मिलते ही फुलवारीशरीफ थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचलाधिकारी ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया. अधिकारियों ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और अंत्येष्टि के लिए सरकारी सहायता राशि उपलब्ध कराई. एक साथ तीन बच्चियों की मौत से हिंदूनी गांव में मातम पसरा है. छठ पूजा की तैयारियों में जुटे परिवारों के घरों में अब चीत्कार और अपनों को खोने का दर्द रह गया है।
