बिहार

श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के 360वें प्रकाश पर्व की तैयारियां तेज प्रशासन ने किया सड़कों का निरीक्षण

पटना साहिब, (न्यूज़ क्राइम 24) दशम पातशाह श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के 360वें पावन प्रकाश पर्व को ऐतिहासिक, भव्य और यादगार बनाने के लिए तैयारियां लगातार तेज की जा रही हैं। देश-विदेश से आने वाली संगतों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पटना साहिब में प्रशासनिक स्तर पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया जा रहा है।

इसी क्रम में पटना सिटी की अनुमंडल पदाधिकारी श्रीमती कशिश बक्शी और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ विभिन्न प्रमुख मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया गया।

इस मौके पर श्रीमती कशिश बक्शी के साथ तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब प्रबंधक कमेटी के महासचिव सरदार इंद्रजीत सिंह, उपाध्यक्ष सरदार गुरविंदर सिंह, कमेटी सदस्य सरदार हरपाल सिंह जोहल और सुपरिंटेंडेंट सरदार दलजीत सिंह विशेष रूप से मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान हरिमंदिर गली, बाड़े की गली, गुरुद्वारा बाल लीला साहिब के सामने की गली, गुरुद्वारा कंगन घाट के आसपास की सड़कें, टीएफसी के समीप, ओपी शाह मालसलामी के पास तथा गुरुद्वारा गुरु का बाग के आसपास के मार्गों की स्थिति का जायजा लिया गया।

इस दौरान सड़कों की मरम्मत, निर्माण कार्य, यातायात व्यवस्था और साफ-सफाई सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य प्रकाश पर्व के अवसर पर देश-विदेश से पटना साहिब पहुंचने वाली संगतों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

साथ ही यह सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है कि तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब में माथा टेकने आने वाले श्रद्धालु सुगमता और सम्मान के साथ अपनी धार्मिक यात्रा पूरी कर सकें।

आयोजन से जुड़े प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि उनकी प्राथमिकता संगत की सुविधा, श्रद्धालुओं का सम्मान और प्रकाश पर्व का भव्य आयोजन सुनिश्चित करना है।

श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के 360वें पावन प्रकाश पर्व को ऐतिहासिक बनाने के लिए जिला प्रशासन और तख्त पटना साहिब प्रबंधक कमेटी बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की दिशा में लगातार प्रयासरत हैं।

Related posts

पटना यातायात पुलिस ने आयोजित किया ‘लाइन डे’, कर्मियों की समस्याओं और विभागीय मामलों की हुई समीक्षा

बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं को बड़ी मजबूती, 135 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र

राष्ट्रीय लोक मोर्चा में नगीना पासवान ने साथियों के साथ ग्रहण की सदस्यता