पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) नदी थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए जेठुली गंगा घाट के पास से 1,181.520 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब 12 चक्का ट्रक और एक्सप्रेस पिकअप में लोड थी। पुलिस के अनुसार, 2 नवंबर 2026 को रात्रि करीब 1:10 बजे सूचना मिली कि जेठुली गंगा घाट के पास 12 चक्का ट्रक (रजिस्ट्रेशन नंबर JH-02-AN-2028) से शराब उतारकर एक्सप्रेस पिकअप (रजिस्ट्रेशन नंबर WB-15-H-7242) पर लोड की जा रही है। सूचना से वरीय पदाधिकारियों को अवगत कराने के बाद थानाध्यक्ष सद्दाम हुसैन के नेतृत्व में टीम गठित कर छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान ट्रक से अंग्रेजी शराब की 111 कार्टन और पिकअप से 24 कार्टन बरामद की गईं। कुल 135 कार्टन में 1,181.520 लीटर अंग्रेजी शराब पाई गई। मौके से मुख्य अभियुक्त प्रेम कुमार (24 वर्ष), पिता दीनानाथ राय, निवासी कच्ची दरगाह, थाना नदी, जिला पटना को गिरफ्तार किया गया। इस मामले में नदी थाना कांड संख्या 433/2026, दिनांक 02.11.2026 के तहत बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद संशोधित अधिनियम की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए अनुसंधान एवं छापेमारी जारी है। छापेमारी टीम में थानाध्यक्ष सद्दाम हुसैन, अपर थानाध्यक्ष देवकर्ण बंटी, पुलिस अवर निरीक्षक राजेन्द्र कुमार, संतोष कुमार, बलवंत प्रसाद सिंह और प्रवीण कुमार सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस ने शराब के साथ ट्रक और पिकअप को भी जब्त किया है।
