फुलवारीशरीफ, अजीत। किसान मजदूर संघर्ष समिति की बैठक रविवार को बेलदारीचक स्थित शुभ आंगन मैरेज हॉल में हुई. बैठक के बाद प्रेस वार्ता में पाटलिपुत्र ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप के खिलाफ दो स्तरों पर याचिका दायर करने का निर्णय लिया गया. समिति ने प्रभावित किसानों और सरकारी जमीन पर वर्षों से बसे परिवारों के हित में न्यायालय जाने की बात कही।
राष्ट्रीय अध्यक्ष धनंजय मधु ने कहा कि टाउनशिप योजना वापस नहीं हुई है, केवल प्रभावित क्षेत्रों में रजिस्ट्री पर लगी रोक हटायी गयी है. समिति की ओर से जनहित याचिका के लिए आवश्यक कागजात तैयार कर लिये गये हैं. भूमि अधिग्रहण कानून 2013 के खिलाफ लायी गयी टाउनशिप योजना को उच्चतम न्यायालय में चुनौती देने का भी निर्णय लिया गया. प्रभावित किसानों ने किसी भी कीमत पर टाउनशिप के लिए जमीन नहीं देने का संकल्प लिया।
बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष धनंजय मधु, संगठन महासचिव राहुल कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष ज्वाला सिंह, प्रदेश अध्यक्ष चंद्रभूषण ठाकुर, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राम बाबु पासवान, सामाजिक कार्यकर्ता दिलीप यादव, विजय मेहता, पुनपुन प्रखंड अध्यक्ष रजनीश पासवान, मीडिया प्रभारी निरज कुमार, सुबोध कुमार यादव, देवेन्द्र यादव, जिला अध्यक्ष रेखा देवी, शोभा देवी सहित अन्य मौजूद थे।
