बिहार

जैविक और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना समय की मांग : विजय सिन्हा

फुलवारीशरीफ, अजीत। महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने, कैंसर से जुड़े भ्रम, भय और सामाजिक संकोच को दूर करने के उद्देश्य से गुलमोहर मैत्री की ओर से ‘ब्रेकिंग द साइलेंस’ जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. बामेती सभागार में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, पद्मश्री डॉ. शांति राय, कैंसर काउंसलर एवं लेखिका नीरजा मल्लिक, डॉ. सहजानंद प्रसाद सिंह, यस बैंक के क्लस्टर हेड अमित कुमार राय, पिंकी यादव और संस्था की सचिव मंजू सिन्हा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया. कार्यक्रम की थीम ‘हर कहानी अनूठी है, हर सफर मायने रखता है’ रखी गई थी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि स्वास्थ्य, पोषण और पर्यावरण का आपस में गहरा संबंध है. उर्वरकों और रासायनिक पदार्थों पर निर्भरता कम कर जैविक एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना समय की मांग है. उन्होंने कहा कि चिकित्सा विज्ञान ने कैंसर के इलाज में काफी प्रगति की है, लेकिन स्वस्थ जीवनशैली, संतुलित खानपान और सुरक्षित खाद्य उत्पादन पर भी विशेष ध्यान देने की जरूरत है. आने वाली पीढ़ियों को केवल संसाधन ही नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर और सुरक्षित पर्यावरण देना भी हमारी जिम्मेदारी है. खेतों में प्रकृति का सम्मान, भोजन में पोषण और परिवारों में आपसी विश्वास बनाए रखना जरूरी है।

पद्मश्री डॉ. शांति राय ने महिलाओं को प्रतिवर्ष स्वास्थ्य की नियमित जांच कराने की सलाह दी. डॉ. सहजानंद प्रसाद सिंह ने कहा कि महिलाओं के स्वास्थ्य की देखभाल के प्रति परिवार के पुरुष सदस्यों को भी जागरूक और जिम्मेदार होना होगा. वहीं, संस्था की सचिव मंजू सिन्हा ने कहा कि जागरूकता की शुरुआत बातचीत से होती है. महिलाएं जब अपने स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर खुलकर बात करती हैं, तो समय पर सही जानकारी प्राप्त करने, आवश्यक जांच कराने और एक-दूसरे का सहयोग करने में सक्षम होती हैं।

कार्यक्रम के तहत आयोजित संवादात्मक परिचर्चा में कैंसर की देखभाल, समय पर पहचान, नियमित स्वास्थ्य जांच, उचित चिकित्सकीय सलाह और महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति परिवार एवं समाज की भूमिका पर विस्तार से चर्चा हुई. इस दौरान डॉ. सत्यजीत सिंह, डॉ. अविनाश उपाध्याय, डॉ. पद्मिनी सिन्हा, डॉ. रिद्धु शर्मा, डॉ. निहारिका राय, अशोक शर्मा, डॉ. पूनम चौधरी और अंकिता कश्यप ने भी अपने विचार रखे।

Related posts

बिहार में भाजपा वोट चोरी ही नहीं कर रही है, बल्कि जनादेश की डकैती भी कर रही है : प्रो मनोज कुमार झा

सिख विरोधी नरसंहार के पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए दिल्ली में पदयात्रा

छठ गीतों पर कथित अश्लील डांस का मामला, पटना पुलिस पोर्टल पर की गई शिकायत