फुलवारीशरीफ, अजीत। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), पटना में गुरुवार से प्रधानमंत्री सड़क दुर्घटना पीड़ित अस्पताल में भर्ती एवं सुनिश्चित उपचार योजना (पीएम-राहत) की शुरुआत की गयी. योजना का उद्देश्य सड़क दुर्घटना में घायल लोगों को समय पर कैशलेस इलाज उपलब्ध कराना है, ताकि आर्थिक परेशानी के कारण किसी मरीज को जरूरी चिकित्सा सुविधा से वंचित न होना पड़े.
योजना के तहत पात्र सड़क दुर्घटना पीड़ितों को दुर्घटना की तारीख से अधिकतम सात दिनों तक 1.5 लाख रुपये तक के कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी. यह सुविधा निर्धारित नियमों और पात्रता की शर्तों के अनुसार दी जायेगी. इसके माध्यम से दुर्घटना के बाद घायल मरीजों को समय पर प्राथमिक उपचार, आवश्यक जांच और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है.
एम्स पटना के ट्रॉमा एवं इमरजेंसी विभाग की योजना के क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका होगी. योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए चिकित्सा विभागों, अस्पताल प्रशासन और संबंधित अधिकारियों के बीच समन्वय स्थापित किया गया है. पात्र मरीजों के इलाज के साथ आवश्यक औपचारिकताएं भी निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार पूरी की जायेंगी.
एम्स पटना के कार्यकारी निदेशक एवं सीईओ प्रो. (ब्रिगेडियर) डॉ. राजू अग्रवाल ने आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की महत्ता पर जोर देते हुए कहा कि संस्थान मरीजों को समय पर बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने कहा कि पीएम-राहत योजना से बिहार और आसपास के क्षेत्रों के सड़क दुर्घटना पीड़ितों को समय पर आपातकालीन चिकित्सा सुविधा प्राप्त करने में मदद मिलेगी.
एम्स पटना के चिकित्सा अधीक्षक प्रो. डॉ. प्रशांत कुमार सिंह ने योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय और उचित प्रशासनिक व्यवस्था की आवश्यकता पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि पात्र मरीजों को योजना के दिशा-निर्देशों के अनुसार आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गयी है.
ट्रॉमा एवं इमरजेंसी विभाग के अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार ने सड़क दुर्घटना में घायल मरीजों को समय पर चिकित्सा सहायता देने, उनकी स्थिति का आकलन करने और आवश्यकता के अनुसार विशेषज्ञ उपचार उपलब्ध कराने के महत्व पर प्रकाश डाला. उन्होंने बताया कि मरीजों का इलाज निर्धारित चिकित्सा प्रोटोकॉल के अनुसार किया जायेगा.
एम्स पटना में योजना के लिए नामित नोडल अधिकारी डॉ. सुजीत कुमार सिन्हा, उप चिकित्सा अधीक्षक, इसके क्रियान्वयन से संबंधित कार्यों का समन्वय करेंगे. पात्र मरीजों के सत्यापन, आवश्यक दस्तावेजों और अन्य निर्धारित प्रक्रियाओं को पूरा कराने के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय किया जायेगा.
पीएम-राहत योजना भारत सरकार की पहल है, जिसका उद्देश्य सड़क दुर्घटना में घायल लोगों को समय पर आपातकालीन चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है. सड़क दुर्घटना की स्थिति में सहायता के लिए आम नागरिक राष्ट्रीय आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112 पर संपर्क कर सकते हैं।
