पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) आम लोगों को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य संरक्षा विभाग, बिहार सरकार ने 29 अक्टूबर 2026 को पटना के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य सुरक्षा मानकों, साफ-सफाई, खाद्य सामग्री के भंडारण और आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। निरीक्षण में कई अनियमितताएं सामने आईं। कुछ खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए, जबकि एक होटल में ₹2,774 मूल्य की खाद्य सामग्री जब्त कर नष्ट की गई।
कैफे 7 गार्डन में नमूने संग्रहित
एम्स गोलंबर, फुलवारीशरीफ स्थित कैफे 7 गार्डन (प्राइड विहार स्नैक्स) के निरीक्षण के दौरान चना दाल और हल्दी पाउडर के नमूने संग्रहित कर जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए। विभाग के अनुसार, प्रतिष्ठान में एफएसएसएआई लाइसेंस/पंजीकरण संख्या, पानी की जांच रिपोर्ट, कीट नियंत्रण संबंधी दस्तावेज, कर्मचारियों के मेडिकल प्रमाणपत्र और FoSTaC प्रशिक्षण प्रमाणपत्र उपलब्ध नहीं थे। शाकाहारी एवं मांसाहारी खाद्य पदार्थों को अलग रखने की व्यवस्था में भी कमी पाई गई। इसके अलावा, खाद्य सामग्री के भंडारण में FIFO और FEFO प्रणाली का पालन नहीं किया जा रहा था।
होटल पाटलिपुत्र कॉन्टिनेंटल में एक ही फ्रिज में रखे मिले वेज-नॉनवेज खाद्य पदार्थ
अनीसाबाद बाइपास क्रॉसिंग के निकट स्थित होटल पाटलिपुत्र कॉन्टिनेंटल के निरीक्षण में खाद्य संरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की अनुसूची-4 (Schedule IV) के प्रावधानों के उल्लंघन की बात सामने आई। विभाग के अनुसार, होटल में शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थ एक ही फ्रिज में रखे हुए पाए गए।
होटल द रॉयल बिहार में ₹2,774 की खाद्य सामग्री नष्ट
वाल्मी, फुलवारीशरीफ स्थित होटल द रॉयल बिहार, जो आर.ई.पी.एल. हॉस्पिटल प्राइवेट लिमिटेड की इकाई बताई गई है, के निरीक्षण के दौरान विभिन्न खाद्य सामग्रियों को जब्त कर नष्ट किया गया। इनमें 1.8 किलोग्राम आलू दम (₹400), 5 किलोग्राम येलो ग्रेवी (₹1,250), 2 किलोग्राम दाल मखनी (₹800) और 3 लीटर रियल फ्रूट मैंगो जूस (₹324) शामिल हैं। इनकी कुल कीमत ₹2,774 बताई गई है। इसके अतिरिक्त, किशमिश, बादाम और पनीर के नमूने भी जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए।
होटल जी डायमंड को साफ-सफाई के लिए नोटिस
एम्स गेट नंबर-1, विशाल नगर, फुलवारीशरीफ स्थित होटल जी डायमंड के निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई बनाए रखने के संबंध में नोटिस जारी किया गया।
द आर्च रेस्टोरेंट की रसोई में मिलीं कमियां
कोर्जी, एम्स गोलंबर के पास स्थित द आर्च रेस्टोरेंट के निरीक्षण में रसोई की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई। विभाग के अनुसार, साफ-सफाई, ड्रेनेज व्यवस्था, पानी की जांच रिपोर्ट और कीट नियंत्रण रिपोर्ट से संबंधित कमियां थीं। खाद्य सामग्री के भंडारण में FIFO और FEFO प्रणाली का पालन नहीं होने के साथ शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थ एक साथ रखे पाए गए।
मेसर्स घरौंदा को 14 दिनों का सुधार नोटिस
एस.के. पुरी, बोरिंग रोड स्थित मेसर्स घरौंदा (आशियाना मेन्यूसर्व प्राइवेट लिमिटेड), 24 गोकुल मार्ग के निरीक्षण में ड्रेनेज सिस्टम, डस्टबिन, पानी की जांच रिपोर्ट, कीट नियंत्रण संबंधी दस्तावेज और मेडिकल प्रमाणपत्र उपलब्ध नहीं पाए गए। खाद्य पदार्थों को संभालने वाले कर्मचारियों के पास एप्रन और दस्ताने भी नहीं थे।
विभाग की विज्ञप्ति के अनुसार, प्रतिष्ठान से 1 किलोग्राम नमकीन, 1 किलोग्राम पानीपुरी पैलेट, 500 ग्राम कोकोनट पाउडर और 50 ग्राम एवरेस्ट सांभर मसाला जब्त कर नष्ट किया गया। प्रतिष्ठान को कमियों में सुधार के लिए 14 दिनों का नोटिस दिया गया।
गणपति फूड प्लाजा को साफ-सफाई के निर्देश
एम्स गेट नंबर-1, फुलवारीशरीफ स्थित गणपति फूड प्लाजा काठी नेशन का भी निरीक्षण किया गया। विभाग ने प्रतिष्ठान को साफ-सफाई बनाए रखने का निर्देश दिया।
खाद्य संरक्षा विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों से प्रतिष्ठानों में स्वच्छता बनाए रखने, खाद्य सामग्री का सुरक्षित भंडारण करने, शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थों को अलग रखने तथा खाद्य सुरक्षा मानकों और आवश्यक दस्तावेजों से संबंधित प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की है। विभाग ने स्पष्ट किया कि आम नागरिकों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
