फूुलवारीशरीफ, (न्यूज़ क्राइम 24) संपतचक प्रखंड के एकतापुरम, भोगीपुर-चकपुल स्थित मिशन नौनिहाल सम्मान परिसर में फोर्ड हॉस्पिटल, पटना के सहयोग से नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सा परामर्श शिविर लगाया गया. ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को उनके घर के आसपास विशेषज्ञ चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित शिविर में सामान्य चिकित्सा के साथ कान, नाक एवं गला रोग विशेषज्ञों ने बच्चों, महिलाओं और पुरुषों की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया।
शिविर में क्षेत्र के सैकड़ों लोग पहुंचे. केदार पासवान, इन्द्रदेव सिंह, किरण देवी, अनिता देवी, राम दलाल पासवान, रमेश पासवान, रामजी सिंह, राजकिशोर सिंह और पिंकी देवी समेत बड़ी संख्या में लोगों ने चिकित्सकों से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर सलाह ली।
शिविर के दौरान लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और बीमारी के लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करने की सलाह दी गयी. ग्रामीण क्षेत्र में विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवा नि:शुल्क उपलब्ध होने से लोगों में भी काफी उत्साह देखा गया।
मौके पर 95 वर्षीय वयोवृद्ध समाजसेवी सुखदेव बाबू, मिशन नौनिहाल सम्मान केंद्र के प्रबंधक विनेश पासवान और स्थानीय स्वास्थ्यकर्मी विनय कुमार मौजूद रहे. आयोजकों ने बताया कि ग्रामीण समुदाय तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के साथ जरूरतमंद लोगों को समय पर चिकित्सकीय मार्गदर्शन उपलब्ध कराना इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है।
