अररिया, रंजीत ठाकुर। भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एसएसबी और फुलकाहा पुलिस की संयुक्त टीम ने मानिकपुर के बालुआही धार के समीप छापेमारी कर 52 किलो गांजा बरामद किया है। हालांकि, संयुक्त टीम की कार्रवाई के दौरान मौके का फायदा उठाकर तस्कर फरार होने में सफल रहा। इतनी बड़ी मात्रा में गांजा बरामद होने के बाद सीमावर्ती इलाके में मादक पदार्थों की तस्करी को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, नरपतगंज प्रखंड के फुलकाहा थाना क्षेत्र अंतर्गत मानिकपुर के बालुआही धार के समीप एसएसबी और फुलकाहा पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। इस दौरान 52 किलो गांजा बरामद किया गया। टीम ने गांजा जब्त कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के लिए फुलकाहा थाना लाया। मामले में अज्ञात तस्कर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
तस्कर की पहचान में जुटी पुलिस
इस संबंध में फुलकाहा थानाध्यक्ष विकास कुमार मौर्य ने बताया कि गांजा बरामदगी के मामले में अज्ञात तस्कर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मौके से फरार तस्कर की पहचान करने के लिए पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच-पड़ताल कर रही है। उन्होंने बताया कि तस्कर की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
सीमावर्ती क्षेत्र में 52 किलो गांजे की बरामदगी को तस्करी के नेटवर्क की जांच के लिहाज से अहम माना जा रहा है। अब पुलिस के सामने फरार तस्कर की पहचान करने के साथ ही इस बात का पता लगाने की चुनौती है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।
