नूंह, धर्मवीर शर्मा : साइबर अपराध पर नूंह पुलिस की कार्रवाई, फर्जी बैंक खाते खोलने के आरोपी डीएसएम को किया गिरफ्तार आरोपी ने सीएससी सेंटर पर एनएसडीएल पेमेंट बैंक के फर्जी खाते खोलकर साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराए थे, जिले में एनएसडीएल के खाते खोलने पर लगी रोक।साइबर अपराध पर शिकंजा कसने के लिए नूंह पुलिस की साइबर क्राइम थाना टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी फिनटेक कंपनी स्पाइसमनी प्रा. लि. का डिस्ट्रिक्ट सेल्स मैनेजर है, जिस पर फर्जी बैंक खाते खोलकर साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराने का आरोप है।थाना साइबर क्राइम नूंह में दर्ज मामले में वांछित आरोपी सोयब अली पुत्र बरकत निवासी गांव पटाकपुर फिरोजपुर झिरका को एक अक्टूबर को नियमानुसार गिरफ्तार किया गया है। आरोपी स्पाइसमनी प्रा. लि. में डीएसएम के पद पर कार्यरत था, जो एनएसडीएल पेमेंट बैंक का बैंकिंग करेस्पोंडेंट है।
जांच में सामने आया है कि आरोपी सोयब अली ने गिरफ्तारशुदा आरोपी रासिद पुत्र इसराईल निवासी गांव पढैनी, थाना मोहम्मदपुर अहीर, जिला नूंह (रिटेलर) के साथ सांठगांठ कर सीएससी सेंटर पर एनएसडीएल पेमेंट बैंक के फर्जी बैंक खाते खोलकर साइबर अपराधियों को मुहैया कराए थे। इस गिरफ्तारी के बाद नूंह क्षेत्र में एनएसडीएल ने अपने बैंक खाते खोलने बंद कर दिए हैं और क्षेत्र को बैन कर दिया है। वहीं स्पाइसमनी ने भी नूंह क्षेत्र में एनएसडीएल के बैंक खाते खोलना बंद कर दिया है।पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन के निर्देश पर साइबर अपराध पर शिकंजा कसने के लिए साइबर क्राइम टीम पूरी तरह सक्रिय है। जब से पुलिस अधीक्षक ने कार्यभार संभाला है, नूंह जिले में साइबर अपराध में बड़े स्तर पर कमी आई है और इस कमी को और कम करने के लिए तकनीकी माध्यम से टीमें लगातार काम कर रही हैं।
