पटनासिटी, (न्यूज़ क्राइम 24) हाजीगंज स्थित सर्वोदय इन्फेंट अकैडमी में रोटरी क्लब ऑफ पटना सिटी की ओर से विद्यार्थियों के लिए “Stress Management – Healthy Mind, Healthy Life” विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट डॉ. बिंदा सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम की शुरुआत रोटरी के निर्धारित नियमों के अनुसार हुई। क्लब अध्यक्ष रोटेरियन पंकज किशोर सिंह ने बैठक को प्रारंभ किया। इसके बाद राष्ट्रगान और दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ हुआ।
मुख्य अतिथि डॉ. बिंदा सिंह ने विद्यार्थियों को तनाव के कारणों, उसके लक्षणों की पहचान और तनाव से प्रभावी ढंग से निपटने के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पढ़ाई, परीक्षा, प्रतिस्पर्धा और व्यक्तिगत परिस्थितियों से उत्पन्न तनाव को समझना और समय रहते उसका प्रबंधन करना स्वस्थ जीवन के लिए आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच, पर्याप्त नींद, नियमित दिनचर्या, संवाद तथा अपनी भावनाओं को व्यक्त करने की आदत विकसित करने की सलाह दी।
क्लब अध्यक्ष रोटेरियन पंकज किशोर सिंह ने कहा कि बच्चों का मानसिक स्वास्थ्य उनकी शिक्षा और भविष्य के समान ही महत्वपूर्ण है। स्वस्थ मन बच्चों को आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने में मदद करता है। वरिष्ठ रोटेरियन अनंत अरोड़ा ने भी विद्यार्थियों को तनाव को समस्या के रूप में देखने के बजाय उसे समझकर सकारात्मक तरीके से नियंत्रित करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का मंच संचालन रोटेरियन ऋचा सिंह ने किया। रोटेरियन अमित सिंह सहित अन्य रोटेरियनों ने मुख्य अतिथि डॉ. बिंदा सिंह को सम्मानित किया। कक्षा सातवीं एवं उससे ऊपर के विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने तनाव, पढ़ाई, परीक्षा और व्यक्तिगत जीवन से जुड़े सवाल पूछे, जिनका डॉ. सिंह ने सरल और व्यावहारिक तरीके से जवाब दिया।
कार्यक्रम में रोटेरियन अनंत अरोड़ा, एग्जीक्यूटिव सेक्रेटरी अमित सिंह, ऋचा सिंह, सोनिया सिंह, जॉइंट सेक्रेटरी अमित सिंह, वाइस प्रेसिडेंट सचिन शर्मा, राम अयोध्या सिंह, निशांत कुमार तथा रोट्रैक्टर विक्की शाह सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
विद्यालय की ओर से शिक्षक सोनू कुमार, दीपक कुमार, अनीश सिंह, आकाश कुमार, रेखा कुमारी, प्रज्ञा सिंह, रिया कुमारी, अनन्या सिंह, आरती कुमारी, सारिका केशरी और कृतिका सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और उन्हें तनावपूर्ण परिस्थितियों का सकारात्मक एवं आत्मविश्वासपूर्ण ढंग से सामना करने के लिए प्रेरित करना था।
