पानीपत, धर्मवीर शर्मा : जिले के गांव बापौली में बदमाशों की दबंगई का मामला सामने आया है। दो गाड़ियों में सवार होकर आए बदमाशों ने एक युवक की कार को टक्कर मारने के बाद उस पर लाठी-डंडों और गंडासियों से हमला कर दिया। जान बचाने के लिए युवक पास के एक घर में घुस गया, लेकिन बदमाशों ने घर में घुसकर भी उसका पीछा नहीं छोड़ा और उसकी दोनों टांगों व हाथ पर ताबड़तोड़ वार किए।
हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे उपचार के लिए पानीपत के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत को देखते हुए उसे पीजीआई रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि वारदात के दौरान बदमाशों ने सरेआम जमकर गुंडागर्दी की। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। स्थानीय लोगों ने भी अपने मोबाइल कैमरों में बदमाशों की तस्वीरें रिकॉर्ड की हैं।
वीडियो में हमलावर हथियार लहराते हुए मौके से फरार होते दिखाई दे रहे हैं। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। अब पुलिस के सामने आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की चुनौती है।
