बिहार

सीमा पर SSB-पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 136 किलो गांजा बरामद!

अररिया, रंजीत ठाकुर। भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में 56वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB) और घूरना थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई में सीमा स्तंभ संख्या 173 से करीब 200 मीटर भारत की ओर जटवारा गांव के समीप से 136 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एसएसबी जवानों को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग गांजा की खेप लेकर सीमा क्षेत्र से गुजर रहे हैं। सूचना के आधार पर जवानों ने रात्रि गश्ती के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी। इसी दौरान कुछ लोग सिर पर बोरी रखकर आते दिखाई दिए। जवानों को देखते ही तस्कर बोरी छोड़कर नेपाल की ओर भागने लगे। जवानों ने उनका पीछा किया, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर सभी नेपाल की सीमा में प्रवेश कर फरार हो गए। बाद में जवानों ने मौके पर पड़ी बोरियों की तलाशी ली। खोलकर जांच करने पर उसमें गांजा पाया गया। वजन करने पर कुल 136 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। बरामद गांजा को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए घूरना थाना पुलिस को सुपुर्द किया जाएगा। बुधवार को घूरना थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि मामले में अज्ञात तस्करों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए एसएसबी और पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

Related posts

पटना में उद्योग एवं स्टार्टअप के लिए बेहतरीन इकोसिस्टम बनाने की पहल

तेज हवा के झोंके से बीच सड़क पर गिरा विशाल पेड़ आवागमन बाधित

गन्ना खेती में जैविक उपादानों को बढ़ावा देगी बिहार सरकार, किसानों को मिलेगा अनुदान

error: