पटनासिटी, (न्यूज़ क्राइम 24) “भादव को मेलो यो तो बड़ो अलबेलो”, “दादी जी का दर्शन कराए लाऊं”, “थारो खूब सजो सिंगार दादी म्हाने प्यारी लागे” और “ओढ़ चुनरिया लाल बैठी दादी सज-धज के” जैसे भजनों से श्री रानी सती दादी जी मंदिर मार्ग, मिरचाई गली भक्तिमय हो उठा। मौका था श्री रानी सती दादी जी पटना ट्रस्ट, पटना सिटी की ओर से आयोजित भादो वदी अमावस्या महोत्सव के दूसरे दिन का।
महोत्सव के दूसरे दिन मंदिर परिसर को पश्चिम बंगाल से आए कुशल कारीगरों ने दुल्हन की तरह सजाया। सुबह घंटा-घड़ियाल और नगाड़ों की गूंज के बीच दादी जी को गुलाब जल, केसर और इत्र से स्नान कराया गया। आचार्य लखन लाल एवं हरिओम शास्त्री की देखरेख में मुख्य यजमान अमित झुनझुनवाला एवं सुनैना झुनझुनवाला ने दादी जी का अभिषेक किया। इसके बाद मंगला आरती के साथ महोत्सव का शुभारंभ हुआ।
मंगला आरती में हजारों की संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए। मारवाड़ी समाज की महिलाएं हाथों में मेहंदी, सिर पर चुनरी और पूजा की थाली लेकर सपरिवार दादी जी के दरबार में पहुंचीं। श्रद्धालुओं ने रोली, मौली, अक्षत, काजल, मेहंदी, पुष्प और पुए से स्वास्तिक बनाकर दादी जी को अर्पित किया तथा परिवार की सुख-शांति की कामना की।
दादी जी का भव्य एवं आलौकिक श्रृंगार, छप्पन भोग, गजरा उत्सव, चुनरी उत्सव और दादी जी का खजाना श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा। दादी भक्त सौरभ झुनझुनवाला, कन्हैया झुनझुनवाला, अमन झुनझुनवाला एवं रूचित झुनझुनवाला ने दादी जी के चरणों में सेवक के रूप में सेवा-अर्चना की।
इस अवसर पर दादी जी का 21 हजार जवा पुष्पों से अभिषेक किया गया। कोलकाता से आईं रिया शर्मा ने 501 महिलाओं को सामूहिक मंगल पाठ कराया। मंगल पाठ के दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
दादी जी के दरबार में बिहार विधानसभा के सचेतक एवं पटना साहिब विधायक रत्नेश कुशवाहा, महापौर सीता साहू, पटना सिटी अनुमंडल पदाधिकारी करीम बख्श, डीएसपी शिव शंकर सिंह, बिहार उद्योग एवं व्यावसायिक आयोग के अध्यक्ष सुरेश रुंगटा तथा जदयू के प्रदेश महासचिव कमल नोपानी सहित अन्य लोगों ने भी पहुंचकर अरदास की।
महोत्सव को सफल बनाने में ट्रस्ट के अध्यक्ष प्रभात भरतिया, सचिव मनोज झुनझुनवाला, राजेश चौधरी, सुनील बांका, डॉ. सुशील पोद्दार, पुरुषोत्तम पोद्दार, गजानन बुबना, सुरेश चौधरी, संजीव देवड़ा, राजेश कमलिया एवं ईश्वर लाल अग्रवाल सहित अन्य सदस्यों का सहयोग रहा। सहयोगी संस्थाओं श्री नारायणी महिला मंडल, मंगल सखी एवं मारवाड़ी महिला समिति की उर्मिला शाह, तारा झुनझुनवाला, अनीता झुनझुनवाला, मीना पोद्दार, राधिका चौधरी, इंदु अग्रवाल, पूजा माखरिया सहित अनेक सदस्य सक्रिय रहीं।
