अररिया, रंजीत ठाकुर। भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ SSB और बिहार पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 11.5 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। हालांकि, कार्रवाई के दौरान तस्कर बोरी फेंककर अंधेरे और बारिश का फायदा उठाते हुए नेपाल की ओर फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, 56वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, बथनाहा की आई समवाय फुलकाहा एवं फुलकाहा थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सीमा स्तंभ संख्या 187 के समीप पाल टोल की ओर से नेपाल से भारत की तरफ मादक पदार्थ लाया जा रहा है। सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने सीमा क्षेत्र में विशेष नाका लगाया।
इसी दौरान मंगलवार की सुबह करीब 4:25 बजे एक संदिग्ध व्यक्ति नेपाल की ओर से सिर पर बोरी लेकर भारत की तरफ आता दिखाई दिया। संयुक्त टीम ने उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस और SSB की गतिविधि को भांपकर वह बोरी फेंककर अंधेरे, बारिश और नेपाल सीमा की नजदीकी का फायदा उठाते हुए वापस नेपाल की ओर फरार हो गया। टीम ने मौके पर पड़ी बोरी की तलाशी ली तो उसमें 11.5 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। यह कार्रवाई सीमा स्तंभ संख्या 187 से करीब 50 मीटर भारत की तरफ की गई। अभियान में SSB समवाय प्रभारी सहायक सेनानायक राणा कुमार के नेतृत्व में चार SSB जवान तथा फुलकाहा थाना के एसआई अमन कुमार के नेतृत्व में तीन पुलिस जवान शामिल थे। बरामद गांजा को अग्रिम कार्रवाई के लिए फुलकाहा थाना को सौंप दिया गया है। फरार तस्कर की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। मामले में अज्ञात तस्कर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। सहायक सेनानायक राणा कुमार ने बताया कि सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए SSB और पुलिस द्वारा लगातार संयुक्त निगरानी एवं नाका अभियान चलाया जा रहा है।
