बिहार

नेपाली करेंसी की तस्करी पर SSB की बड़ी कार्रवाई, 6.56 लाख नेपाली रुपये जब्त

अररिया, रंजीत ठाकुर। भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में नेपाली करेंसी की अवैध आवाजाही के खिलाफ 56वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB), बथनाहा की डी समवाय बेला के जवानों ने रविवार को बड़ी कार्रवाई की। सीमा स्तंभ संख्या 198/2 से करीब 300 मीटर भारत की ओर बेला वार्ड संख्या-7 के समीप एक महिंद्रा बोलेरो वाहन से 6 लाख 56 हजार नेपाली रुपये बरामद किए गए। मौके से वाहन में सवार दो युवकों को भी गिरफ्तार किया गया।

एसएसबी के अनुसार, आसूचना के आधार पर सूचना मिली थी कि बेला वार्ड संख्या-7 के रास्ते एक चार पहिया वाहन से नेपाली करेंसी को भीमनगर, सुपौल की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना के बाद विशेष गश्ती दल का गठन कर बताए गए स्थान पर निगरानी शुरू की गई। इसी दौरान सफेद रंग की महिंद्रा बोलेरो को रोककर तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान वाहन से काली प्लास्टिक में रखी नेपाली करेंसी बरामद हुई। पूछताछ में वाहन में सवार युवकों की पहचान रूपेश कुमार यादव (25), पिता सदानंद यादव, निवासी बौराहा, थाना वीरपुर, जिला सुपौल तथा उदय कुमार (18), पिता उमेश कदगया, निवासी बनेलीपट्टी, थाना वीरपुर, जिला सुपौल के रूप में हुई।

बरामद नेपाली करेंसी में 1000 रुपये के 458 नोट यानी 4 लाख 58 हजार रुपये तथा 500 रुपये के 396 नोट यानी 1 लाख 98 हजार रुपये शामिल हैं। इस प्रकार कुल 6 लाख 56 हजार नेपाली रुपये (NPR) बरामद किए गए। एसएसबी के मुताबिक, दोनों युवक बरामद करेंसी से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

कार्रवाई के दौरान करेंसी के साथ सफेद रंग की महिंद्रा बोलेरो को भी जब्त कर लिया गया। दोनों युवकों को भारतीय नागरिक बताया गया है। जब्ती की कार्रवाई पूरी करने के बाद बरामद नेपाली करेंसी, वाहन और गिरफ्तार युवकों को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय फारबिसगंज को सौंपने की प्रक्रिया जारी थी। यह कार्रवाई 6 सितंबर 2026 को करीब 10:45 बजे 56वीं वाहिनी एसएसबी बथनाहा के डी समवाय बेला के सहायक उप निरीक्षक सुनील कुमार मीणा के नेतृत्व में जवानों द्वारा की गई। मामला बसमतिया थाना क्षेत्र से जुड़ा है। कैम्प प्रभारी इंस्पेक्टर रंजीत महंतो ने बताया कि सीमा क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ एसएसबी की निगरानी लगातार जारी है और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है।

Related posts

₹1500 करोड़ के फर्जी चंदे पर एजाज अहमद का सवाल

जहानाबाद में मासिक अपराध गोष्ठी, गंभीर कांडों के त्वरित निष्पादन के दिए निर्देश

बिहार में गूँजी Gen-Z की आवाज़, शिक्षा, रोजगार और छात्र अधिकारों के सवालों पर जुटे छात्र-युवा

error: