पटना, अजीत। मद्य निषेध विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बुधवार की अहले सुबह फतुहा थाना क्षेत्र के डुमरी (मिस्त्री चौक) में छापेमारी कर विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद की. कार्रवाई मद्य निषेध निरीक्षक नरेश कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने की।
जानकारी के अनुसार, टीम को सूचना मिली थी कि डुमरी में एक स्थान पर शराब की खेप उतारी जा रही है. सूचना मिलते ही टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की. इसी दौरान एक अठारह चक्का ट्रक से विदेशी शराब की खेप पकड़ी गयी. कार्रवाई के दौरान शराब को एक गोदाम में उतारा जा रहा था। विभाग के अनुसार, जब्त शराब की मात्रा 1109 कार्टन, 9860.400 लीटर तथा 27,168 बोतल बतायी गयी है.जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 1.20 करोड़ रुपये आंकी गयी है।
मौके से चालक समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार आरोपितों में चालक अंकित कुमार के अलावा राजू कुमार, बलजीत, राजेंद्र कुमार, राम दयाल और वेदव्यास शामिल हैं.पूछताछ में चालक ने बताया कि वह शराब की खेप को कानून की नजर से बचाकर पहुंचाने और उतारने के लिए आया था। मद्य निषेध विभाग ने शराब और स्कॉर्पियो को जब्त कर सभी आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.अधिकारियों के अनुसार, शराब की इस खेप के स्रोत और इसके पीछे जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने के लिए गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।
