बिहार

बसमतिया में एसएसबी की बड़ी कार्रवाई, 378 लीटर नेपाली शराब जब्त!

अररिया, रंजीत ठाकुर। नरपतगंज के भारत-नेपाल सीमा पर शराब तस्करी के खिलाफ सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने रविवार शाम बड़ी कार्रवाई करते हुए 378 लीटर नेपाली शराब बरामद की। कार्रवाई 56वीं वाहिनी एसएसबी बथनाहा के बसमतिया बीओपी क्षेत्र में सीमा स्तंभ संख्या 195/7 के समीप की गई।

एसएसबी के अनुसार, विशेष नाका टीम को सीमा क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिली थी। इसके बाद जवानों ने सघन निगरानी और तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान सीमा स्तंभ संख्या 195/7 से भारत की ओर करीब 200 मीटर अंदर शराब लावारिस अवस्था में बरामद हुई। जांच के दौरान शराब की कुल मात्रा 378 लीटर पाई गई।

एसएसबी को आशंका है कि शराब को नेपाल से भारत की ओर तस्करी के उद्देश्य से लाया गया था। हालांकि, जवानों की कार्रवाई की भनक लगते ही तस्कर मौके से फरार हो गए और किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। बरामद नेपाली शराब को जब्त कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आगे की कार्रवाई के लिए मद्य निषेध विभाग, अररिया को सुपुर्द कर दिया गया।

मुख्यालय स्थित द्वितीय कमान अधिकारी नितिन कुमार गुप्ता ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा पर अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए एसएसबी लगातार सतर्कता और निगरानी बनाए हुए है। तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि सीमा क्षेत्र में शराब सहित अन्य अवैध सामानों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए एसएसबी की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Related posts

पदाधिकारियों के अनुपस्थित रहने के कारण बैठक को स्थगित कर दिया गया

अतिक्रमण पर कार्रवाई, दुकान आवंटन को लेकर दुकानदारों में नाराजगी

किराना दुकानदार को मारी गोली अपराधियों ने की तीन राउंड फायरिंगबाएं पैर में लगी गोली

error: