पटना, अजित। बेलदारीचक स्थित माँ तारा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्निकल एजुकेशन एवं रघुनंदन शिक्षा केंद्र में बुधवार को विभिन्न मांगों को लेकर छात्रों ने जोरदार प्रदर्शन किया. आक्रोशित छात्रों ने पटना-गया मुख्य मार्ग को घंटों जाम कर दिया और सड़क पर आगजनी भी की. सूचना मिलते ही गौरीचक थाना समेत दो थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रों को समझाकर स्थिति नियंत्रित करने का प्रयास किया।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने आरोप लगाया कि शिक्षण संस्थान में सेंटर मैनेजमेंट के नाम पर अलग-अलग छात्रों से अलग-अलग राशि की वसूली की गई. छात्रों का दावा है कि लाखों रुपये लेने के बावजूद सैकड़ों छात्रों को फेल कर दिया गया, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर और गरीब छात्रों की परेशानी बढ़ गई है. छात्रों ने कहा कि वे अपनी समस्याओं को लेकर संस्थान के डायरेक्टर और प्रिंसिपल से बातचीत करना चाहते हैं, लेकिन कोई भी पदाधिकारी मौके पर छात्रों से बात करने के लिए तैयार नहीं हुआ। छात्रों के अनुसार, संस्थान के मुख्य द्वार पर ताला लगा दिया गया है और उन्हें अंदर जाने से रोका जा रहा है. छात्रों ने दावा किया कि संस्थान के अधिकारी अंदर मौजूद हैं, लेकिन छात्रों, पुलिस और मीडिया से बातचीत नहीं कर रहे हैं।
बीएससी नर्सिंग की छात्राओं श्वेता राज और चीकू कुमारी सहित अंकुश सिंह, करण दुबे, संदेश राज और पप्पू कुमार समेत सैकड़ों छात्र मुख्य द्वार पर जुटे रहे. छात्रों ने संस्थान के प्रबंधन से बातचीत कराने और उनकी समस्याओं का समाधान कराने की मांग की।
मौके पर गौरीचक थाना के एसआई धर्मेंद्र कुमार गिरी, एसआई मनीष कुमार और एसआई अजय कुमार यादव पहुंचे. पुलिस पदाधिकारियों ने छात्रों से बातचीत कर प्रदर्शन शांत कराने का प्रयास किया. एसआई धर्मेंद्र कुमार गिरी ने छात्रों को अपनी शिकायत लिखित आवेदन के माध्यम से गौरीचक थाना में देने की सलाह दी. वहीं, गौरीचक थानाध्यक्ष सुमन कुमार भी लगातार छात्रों से फोन पर संपर्क कर स्थिति सामान्य कराने का प्रयास करते रहे। छात्रों का कहना है कि इस बार मेडिकल क्षेत्र के छात्रों का रिजल्ट बेहद खराब आया है, जिसके विरोध में विभिन्न स्थानों पर प्रदर्शन हो रहे हैं. इसी क्रम में बेलदारीचक में भी छात्रों ने प्रदर्शन किया. छात्रों ने मांग की कि संस्थान के डायरेक्टर और प्रिंसिपल स्वयं मौके पर पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनें और समाधान का आश्वासन दें।
