फुलवारीशरीफ, अजीत। पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिन ईद-ए-मिलादुन्नबी के मौके पर फुलवारी शरिफ स्थित ऐतिहासिक खानकाह मुजीबिया में सालाना उर्स-ए-नबवी और मेले की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. पूरी खानकाह को दुल्हन की तरह सजाया गया है, जबकि आसपास के इलाके में मेले का माहौल बना हुआ है. जायरीन के आने का सिलसिला लगातार जारी है।
खानकाह मुजीबिया के प्रबंधक मौलाना मिन्हाजुद्दीन कादरी मुजीबी ने बताया कि मंगलवार और बुधवार को दोनों दिन मुए मुबारक की जियारत कराई जाएगी. हिजरी कैलेंडर के अनुसार उर्स-ए-नबवी के सभी रस्मों और कार्यक्रमों की तैयारी पूरी कर ली गई है।
सालाना उर्स-ए-नबवी और मेला 23 अगस्त से 28 अगस्त तक आयोजित किया जा रहा है. इस दौरान देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ अन्य स्थानों से भी बड़ी संख्या में जायरीन के पहुंचने की उम्मीद है. खानकाह परिसर, दरगाह और आसपास के क्षेत्रों में विशेष सजावट और रोशनी की व्यवस्था की गई है।
भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं. प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, ट्रैफिक नियंत्रण और पार्किंग की व्यवस्था की जा रही है. जायरीन की सुविधा के लिए पेयजल, मेडिकल कैंप, एंबुलेंस, सफाई, रोशनी और ठहराव की विशेष व्यवस्था की गई है।
कार्यक्रम के तहत 25 अगस्त को मगरिब की नमाज के बाद चादरपोशी होगी. वहीं 26 अगस्त को मुए मुबारक की जियारत कराई जाएगी. महिलाओं के लिए जियारत का समय सुबह 6 बजे से 9:30 बजे तक तथा पुरुषों के लिए दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक निर्धारित किया गया है. जियारत के दौरान भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष बैरिकेडिंग और महिला पुलिस समेत अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की जाएगी।
खानकाह मोड़ से इसापुर तक विशेष रोशनी की व्यवस्था की गई है. फुलवारी हाई स्कूल परिसर में पार्किंग, तालाब क्षेत्र में सुरक्षा और गोताखोरों की तैनाती, जल निकासी, फॉगिंग तथा 24 घंटे चिकित्सा सेवा की भी व्यवस्था की जा रही है. उर्स और मेले को लेकर पूरे इलाके में धार्मिक उत्साह और रौनक देखने को मिल रही है।
