सुल्तानगंज, (न्यूज़ क्राइम 24) श्रावणी मेला के अवसर पर सुल्तानगंज में पथ निर्माण विभाग की ओर से शिवभक्त कांवड़ियों की सेवा और सुविधा के लिए निःशुल्क सेवा शिविर लगाया गया है। शिविर में श्रद्धालुओं के ठहरने से लेकर पेयजल, शौचालय, दवाइयों और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है।
पथ निर्माण मंत्री इं. कुमार शैलेंद्र ने सेवा शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने शिवभक्त कांवड़ियों के बीच प्रसाद और फल का वितरण किया तथा उनकी सेवा की। लंबी यात्रा के कारण थके हुए कांवड़ियों को राहत देने के लिए शिविर में दर्द निवारक स्प्रे और शरीर को आराम देने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
शिविर में कांवड़ियों के ठहरने के लिए बिस्तर, स्वच्छ पेयजल, शौचालय, दवाइयां, पंखे सहित अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए शिविर की व्यवस्थाओं का लगातार निरीक्षण और निगरानी की जा रही है। इस अवसर पर पथ निर्माण मंत्री इं. कुमार शैलेंद्र ने कहा कि श्रावणी मेले में देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले शिवभक्तों की सेवा करना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मियों को निर्देश दिया कि शिविर में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और व्यवस्था में किसी भी तरह की कमी न रहे। मंत्री ने कहा कि शिवभक्तों की सेवा केवल दायित्व नहीं, बल्कि आस्था और समर्पण का अवसर है। पथ निर्माण विभाग श्रद्धालुओं की यात्रा को सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।
