जहानाबाद, (न्यूज़ क्राइम 24) साइबर अपराध एवं ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी की रोकथाम को लेकर बुधवार को मुख्य सचिव, बिहार की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक, जहानाबाद, पुलिस उपाधीक्षक (साइबर क्राइम) सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी शामिल हुए।
बैठक में साइबर अपराध के मामलों में त्वरित कार्रवाई, प्राथमिकी दर्ज करने तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों को साइबर ठगी से जुड़े मामलों की गंभीरता से जांच करते हुए पीड़ितों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में आम लोगों को साइबर अपराध से बचाने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। लोगों को फर्जी फोन कॉल, संदिग्ध लिंक, OTP साझा करने तथा ‘डिजिटल अरेस्ट’ जैसी साइबर ठगी के तरीकों से सतर्क रहने के लिए जागरूक करने पर विशेष जोर दिया गया। प्रशासन ने आमजनों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, बैंक संबंधी जानकारी या व्यक्तिगत विवरण साझा न करें और संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें। साइबर ठगी का शिकार होने पर बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई है।
