फुलवारीशरीफ, अजीत। पटेल नगर के गोकुलपथ रोड नंबर 12 के लोगों को वर्षों से चली आ रही जलजमाव की समस्या से अब जल्द राहत मिलने की उम्मीद है. बुधवार को वार्ड नंबर 7 में अंडरग्राउंड नाले के निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई. इस कार्य के लिए डेढ़ लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।
वार्ड पार्षद अमर कुमार टूटू ने बताया कि गोकुलपथ रोड नंबर 12 में जलजमाव की समस्या लंबे समय से बनी हुई थी. बारिश के दिनों में सड़क पर पानी जमा हो जाने के कारण लोगों का इस रास्ते से आना-जाना मुश्किल हो जाता था. जलजमाव के कारण लोगों ने इस रास्ते से आवागमन तक छोड़ दिया था।
उन्होंने कहा कि यह समस्या उनके लिए भी चुनौतीपूर्ण रही है. लोगों को अपने स्तर से किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसके लिए वे लगातार इलाके की समस्याओं पर ध्यान देते रहते हैं. अंडरग्राउंड नाले के निर्माण से जलनिकासी की व्यवस्था बेहतर होगी और लोगों को जलजमाव से राहत मिलेगी।
गोकुलपथ रोड नंबर 12 का संपर्क दक्षिण दिशा में अटल पथ और उत्तर दिशा में बेली रोड से है. इस रास्ते से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आना-जाना होता है. जलजमाव के कारण स्कूल जाने वाले बच्चों और उनके अभिभावकों के साथ-साथ बुजुर्ग महिला-पुरुषों को भी काफी परेशानी होती थी. नाला निर्माण पूरा होने के बाद स्थानीय लोगों को आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है।
