हरियाणा, धर्मवीर शर्मा : शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा शिक्षा व्यवस्था को सुधारने के लिए लगातार फील्ड में उतरकर सरकारी शिक्षण संस्थानों का औचक निरीक्षण कर रहे हैं। इसी कड़ी में शिक्षा मंत्री ने सोनीपत के गन्नौर क्षेत्र के गांव दातौली स्थित पीएम श्री राजकीय स्कूल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्कूल की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ विद्यार्थियों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं भी जानीं।
बुधवार को शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा अचानक गन्नौर क्षेत्र के दातौली गांव स्थित पीएम श्री जीजीएसएसएस पहुंचे। यहां उन्होंने स्कूल परिसर की साफ-सफाई, बुनियादी सुविधाओं और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।शिक्षा मंत्री ने कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया। उन्होंने छात्रों से पढ़ाई के स्तर, शिक्षकों की उपस्थिति, पठन-पाठन सामग्री और स्कूल में मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। विद्यार्थियों की समस्याएं सुनने के बाद मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए।
शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा का कहना है कि शिक्षा व्यवस्था में वास्तविक सुधार तभी संभव है, जब जमीनी स्तर पर जाकर स्कूलों और कॉलेजों की स्थिति को देखा जाए। उन्होंने कहा कि सरकारी शिक्षण संस्थानों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।मंत्री ने शिक्षकों को निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ पढ़ाने तथा स्कूलों में स्वच्छता और अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य सरकारी स्कूलों और कॉलेजों में ऐसा बेहतर शैक्षणिक माहौल तैयार करना है, जिससे गरीब से गरीब बच्चे को भी गुणवत्तापूर्ण और बेहतर शिक्षा मिल सके।
वीओ शिक्षा मंत्री पिछले 11 दिनों में प्रदेश के कई शिक्षण संस्थानों का औचक निरीक्षण कर चुके हैं। इससे पहले उन्होंने पंचकूला के राजकीय कॉलेज, बसताड़ा के राजकीय महिला कॉलेज, पानीपत के सेक्टर-18 स्थित राजकीय कॉलेज और निजामपुर गांव के राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल का भी निरीक्षण किया है।
