पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) राजद नेता एजाज अहमद ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव के नेतृत्व में छात्रों और आम लोगों के लोकतांत्रिक अधिकारों एवं न्याय की मांग को लेकर निकाला गया राजभवन मार्च पूरी तरह सफल रहा। उन्होंने मार्च के दौरान पुलिस द्वारा वाटर कैनन के इस्तेमाल और तेजस्वी यादव समेत राजद नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिए जाने की निंदा की। एजाज अहमद ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर वाटर कैनन का इस्तेमाल और पुलिस कार्रवाई लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि छात्रों और युवाओं की मांगों को लेकर आंदोलन करना उनका संवैधानिक अधिकार है।
उन्होंने सिवान में कथित AK-47 फायरिंग, दिल्ली में पैलेट गन के इस्तेमाल और जहानाबाद में फायरिंग की घटनाओं की न्यायिक जांच की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि इन्हीं मुद्दों को लेकर छात्रों और युवाओं को न्याय दिलाने के उद्देश्य से राजभवन मार्च किया गया था।
एजाज अहमद ने आरोप लगाया कि तेजस्वी यादव के नेतृत्व में मार्च की सफलता से सरकार बौखला गई, जिसके कारण वाटर कैनन का इस्तेमाल किया गया और राजद नेताओं को हिरासत में लिया गया। उन्होंने कहा कि ऐसी कार्रवाई से आंदोलन कमजोर नहीं होगा। उन्होंने कहा कि सरकार चाहे वाटर कैनन का इस्तेमाल करे या नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले, इससे आंदोलन पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा। बिहार की जनता जाग चुकी है और लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रहेगा।
