पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) आषाढ़ शुक्ल द्वितीया के पावन अवसर पर 16 जुलाई (गुरुवार) को पटना स्थित इस्कॉन मंदिर से भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा निकाली जाएगी। हर वर्ष की तरह इस बार भी रथयात्रा को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं। दोपहर 2 बजे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी रथयात्रा को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, खेल एवं उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह, कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी सहित राज्य सरकार के कई मंत्री, विधायक, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहेंगे।
रथयात्रा से पूर्व दोपहर 1 बजे विशेष पूजा एवं महाआरती का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद भगवान जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा 40 फीट ऊंचे हाइड्रोलिक रथ पर विराजमान होकर नगर भ्रमण के लिए प्रस्थान करेंगे। यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं द्वारा भगवान का भव्य स्वागत किया जाएगा। जगह-जगह पुष्पवर्षा, रंगोली और प्रसाद वितरण की व्यवस्था रहेगी। वहीं क्रेन की सहायता से भगवान को 108 प्रकार के व्यंजनों का महाभोग अर्पित किया जाएगा।
रथयात्रा इस्कॉन मंदिर से निकलकर तारामंडल, इनकम टैक्स गोलंबर, हाईकोर्ट, बिहार म्यूजियम और डाकबंगला चौराहा होते हुए पुनः मंदिर परिसर लौटेगी। आयोजकों के अनुसार, शाम में मंदिर परिसर में 20 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था की गई है। इस वर्ष रथयात्रा में दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
