पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) माइक्रो प्लान बनाकर मिशन मोड में टी.बी. के रोगियों की पहचान करें एवं उनके इलाज की व्यवस्था की जाए। जिलाधिकारी श्री कुन्दन कुमार ने ’’टी.बी. मुक्त भारत अभियान’’ की समीक्षा बैठक में संबंधित अधिकारियों को उक्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस अभियान अंतर्गत पटना जिला में 14 अगस्त तक 2.5 लाख से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग की जानी है। इसके लिए पल्स पोलियो अभियान की तरह माइक्रो प्लान बनाकर काम करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि 3 जुलाई को हुई समीक्षा में जिला अंतर्गत हुए स्क्रीनिंग की संख्या मात्र 50,494 थी जो 9 जुलाई तक 1 लाख से अधिक हो गयी है। अन्य इंडिकेटर में भी वृद्धि हुई है पर इसमें और तेजी लाने की जरूरत है।
जिलाधिकारी ने सभी चिकित्सा पदाधिकारियों को निदेश दिया कि ओपीडी में आने वाले हर मरीज की टी.बी. स्क्रीनिंग जरूर की जाए। उन्हें कहा गया कि पर्याप्त संख्या में टीम बनाकर अपने क्षेत्र में आने वाले बड़े-बड़े मार्केट कॉम्प्लेक्स के कर्मियों एवं वहाँ आने वाले लोगों की भी जाँच करवाने की व्यवस्था करें। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में जिला अन्तर्गत 30 मोबाईल जाँच टीम लोगों की स्क्रीनिंग में लगी है। जिनके द्वारा एक दिन में कम-से-कम 100 लोगों की स्क्रीनिंग की जानी है। जिलाधिकारी ने कहा कि वैसी जगहों को चुने जहाँ अधिक-से-अधिक लोगों की एक साथ जाँच हो सके। जिला शिक्षा पदाधिकारी से समन्वय कर सरकारी एवं निजी विद्यालयों के बच्चों की जाँच करावें। उन्होंने कहा कि शहरी एवं ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में रहने वाले कम-से-कम 10 प्रतिशत लोगों की जाँच की जानी हैं।
जिला अंतर्गत चिन्हित 345 हाई रिस्क वाले गाँवों में कैम्प लगाकर टी.बी. की स्क्रीनिंग करने का निदेश दिया गया। जीविका के सदस्यों, कस्तूरबा गाँधी विद्यालय की बच्चियों, महादलित टोला के लोगों के लिए भी कैम्प लगाकर ही टी.बी. की स्क्रीनिंग कराने के निर्देश दिए गए। जाँच में पाए गए संदिग्ध रोगियों का एक्स-रे, ट्रू नेट, सीबीनेट जैसी जाँच एवं आवश्यकतानुसार ईलाज एवं अन्य देखभाल के भी निदेश दिए गए। सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को भी निदेश दिया गया कि वे अपने क्षेत्र अंतर्गत आने वाले स्वास्थ्य केन्द्रों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों के साथ समन्वय कर टी.बी. जाँच के लक्ष्य को पूरा कराना सुनिश्चित करें। टी.बी. जाँच संबंधी कार्य एवं आँकड़ों के संधारण में लापरवाही पर सीनियर टी.बी. सुपरवाईजर-के मानदेय में 5 प्रतिशत की कटौती का निदेश जिलाधिकारी ने दिए। बैठक में उप विकास आयुक्त श्री शुभम कुमार द्वारा बताया गया कि जिला अंतर्गत एड्स की भी स्क्रीनिंग चल रही है। इसकी जाँच में भी तेजी लाने का निदेश दिए गए।
